Re. No. MP-47–0010301

पागल सियार ने मचाया कोहराम,बच्चों को बनाया निशाना कई लोग हुए घायल

पागल सियार ने मचाया कोहराम,बच्चों को बनाया निशाना कई लोग हुए घायल

ग्वालियर-बीती रात ग्वालियर में उटीला इलाके के आदिवासी का पुरा और पास के गांव में सियार ने ग्रामीणों पर हमला कर दिया। आदिवासी का पुरा में घर के बाहर खेल रहे बच्चों पर सियार झपटा। बच्चों को बचाने आए लोगों पर भी हमला किया। रात 12.30 बजे ग्रामीणों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। जब दोबारा हमला किया तो डंडों से पीट-पीटकर मार डाला।

सियार के हमले में देव बघेल (5) पुत्र सोनू बघेल और सुनैना (4) पुत्री भावना को गंभीर चोट आई है। पंजा लगने से देव के गाल का मांस निकल गया। सुनैना के गाल और शरीर के अन्य हिस्सों पर गहरे जख्म हैं। एसडीओपी संतोष कुमार ने बताया कि मौके पर पहुंचे उटीला थाना प्रभारी शिवम राजावत ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।
गांव के लोगों ने बताया, बच्चों को बचाने के दौरान पूजा (26) पर भी सियार ने जानलेवा हमला बोला। इसके बाद एक और महिला की ओर दौड़ा, तभी गांव के कुत्ते ने उसे दबोच लिया। इसके बाद हमने उसे मार दिया। ग्रामीणों का कहना है कि सियार पागल हो गया था। काफी लोगों पर हमला कर चुका था। उससे बचने के लिए ऐसा मजबूरी में करना पड़ा।

पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी वन विभाग की टीम को दे दी थी। बताया जा रहा है कि सियार संख्या में दो से तीन थे। आदिवासी का पुरा के अलावा पास के गांव में भी एक बच्चे पर सियार ने हमला किया, लेकिन ग्रामीणों ने उसे बचा लिया। ग्रामीणों का कहना था कि दो सियार बचकर भाग निकले।

देव की बुआ नीतू बघेल ने बताया कि बच्चे खेल रहे थे। सियार ने पहले देव की मां पर हमला किया, फिर देव को भी हमला कर घायल कर दिया। दूसरे बच्चों को भी काटा। बच्चे को सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, वहां इलाज नहीं मिला। प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करना पड़ा। बच्चे की तबीयत ठीक नहीं है। चोट बहुत गहरी है।

Advertisement

Leave a Comment

error: Content is protected !!