मुख्यमंत्री मोहन यादव के पिता का निधन, आज होगा अंतिम संस्कार
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पिता पूनमचंद यादव का मंगलवार को निधन हो गया। वे करीब 100 वर्ष के थे और एक हफ्ते से बीमार चल रहे थे। जिसके चलते उन्हें उज्जैन के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पिता के निधन की खबर पाते ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल से उज्जैन पहुंचे।
बुधवार को अंतिम यात्रा सुबह 11.30 बजे गीता कॉलोनी, अब्दालपुरा से शुरू होगी होगी। अंतिम संस्कार शिप्रा तट पर भूखी माता मंदिर के पास होगा। मुख्यमंत्री के पिता के निधन पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा, राजेंद्र शुक्ला, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने गहरा दुख जताया है।
राज्यपाल ने जताया दुख
मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने भी पूनमचंद यादव के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने X पर लिखा- मोहन यादव जी के पूज्य पिता जी के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान और शोकाकुल परिवार को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
शिवराज ने लिखा- सिर से पिता का साया उठ जाना जीवन की अपूरणीय क्षति
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने X पर लिखा, ‘सिर से पिता का साया उठ जाना जीवन की अपूरणीय क्षति है। पूज्य पिताजी भले ही भौतिक रूप से साथ नहीं हैं, किंतु उनके आशीर्वाद की छांव सदैव आपके साथ है।’
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने जताया शोक
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव जी के पूज्य पिताजी श्री पूनमचंद यादव जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करें एवं परिवार को यह दुःख सहन करने के शक्ति प्रदान करें।
डिप्टी सीएम देवड़ा ने सीएम के पिता के निधन पर दुख जताया
उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने X पर पोस्ट करते हुए लिखा- मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव जी के पूज्य पिता पूनमचंद यादव जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। बाबा महाकाल से प्रार्थना करता हूं कि वे दिवंगत आत्मा को अपने परम धाम में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को गहन दुःख की इस घड़ी में संबल प्रदान करें।
डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने भी जताया दुख
डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने X पर लिखा- पिता जीवन में एक वट वृक्ष की तरह होता है। जिसकी छाया सदैव उसकी संततियों को संबल प्रदान करती है। मैं पुण्यात्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और परम् पिता परमेश्वर से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्मा को मोक्ष गति प्रदान करें। कष्ट की इस घड़ी में सभी परिजनों को संबल मिले।









