Re. No. MP-47–0010301

एकाउंटेंट से नाराज नगर निगम कर्मचारी ने कार्यालय में की जहर खाने की कोशिश

एकाउंटेंट से नाराज नगर निगम कर्मचारी ने कार्यालय में की जहर खाने की कोशिश

रतलाम-रतलाम नगर निगम में कार्यालय अधीक्षक ने आज बुधवार सुबह सुसाइड करने की कोशिश की। साथी कर्मचारियों ने उनके हाथ से जहर की शीशी छीन ली। बचाने के लिए उनके मुंह पर हाथ रख लिया। उन्होंने अकाउंटेंट पर पिछले दो महीने से वेतन वृद्धि नहीं देने का आरोप लगाया। करीब दो घंटे तक हंगामा चलता रहा।

गोपाल झारीवाल रतलाम नगर निगम में बतौर कार्यालय अधीक्षक पदस्थ हैं। इसी कार्यालय में विजय बालोत्रा अकाउंटेंट हैं। झारीवाल ने इन्हीं पर आरोप लगाया है। इससे पहले झारीवाल धरने पर बैठे थे और अकाउंटेंट के खिलाफ नारेबाजी भी की।

बुधवार सुबह नगर निगम में सभी कर्मचारी अपने तय समय पर ड्यूटी पर पहुंच रहे थे। बिल्डिंग के फर्स्ट फ्लोर पर कार्यालय अधीक्षक गोपाल झारीवाल के केबिन के सामने ही अकाउंटेंट विजय बालोत्रा का केबिन है। पास ही, निगम कमिश्नर हिमांशु भट्ट का चैंबर है।

सुबह करीब 11 बजे झारीवाल अचानक अकाउंट शाखा के बाहर फर्श पर धरने पर बैठ गए। अकाउंटेंट के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। कर्मचारियों के प्रति दुर्भावना बताकर सैलरी इन्क्रीमेंट नहीं देने का आरोप लगाया। शोर-शराबा सुनकर कई अधिकारी और कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए।

इसी दौरान झारीवाल ने अपनी जेब से गोलियों भरी शीशी निकाली और गोलियां खाने की कोशिश की। यह देख मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने हाथ से शीशी छीन ली। उनके मुंह पर हाथ रख लिया ताकि वे गोलियां न खा पाएं। इसके बाद समझाइश देकर किसी तरह मामला शांत कराया।

झारीवाल ने बताया कि, ‘राज्य सरकार के आदेश से कर्मचारियों के लिए चौथा वेतनमान लगाया गया था। बिना आदेश के दो महीने से अकाउंटेंट विजय बालौत्रा वेतनवृद्धि का लाभ नहीं दे रहे थे। ऐसा 10-15 कर्मचारियों के साथ किया गया। इस बात को लेकर निगम आयुक्त, स्थापना शाखा प्रभारी और अकाउंटेंट से शिकायत कर चुके हैं।

घटना के बाद अफसर हरकत में आए। बताया गया कि अगस्त महीने की सैलरी में इन्क्रीमेंट का फायदा दे दिया गया है।

अकाउंटेंट विजय बालोत्रा का कहना है कि, ‘स्थापना से जो बिल करेक्शन होकर आते हैं, वह आगे बढ़ा देते हैं। हमने करेक्शन कर वापस वेतन में जोड़ दिया है। सैलरी 4 अगस्त को आनी थी।

Advertisement

Leave a Comment

error: Content is protected !!