Re. No. MP-47–0010301

कल नवरात्रि के पहले दिन मुख्य सचिव पद का दायित्व संभालेंगे अनुराग जैन

भोपाल-1989 बैच के आईएएस अधिकारी अनुराग जैन कल नवरात्र के पहले दिन शुभ मुहूर्त में मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव पद का दायित्व संभालेंगे। वह आज बुधवार शाम को दिल्ली से भोपाल आएंगे। उनकी मुख्यमंत्री मोहन यादव के साथ पहली औपचारिक बैठक होगी।

प्रदेश सरकार ने वीरा राणा के सेवानिवृत्त होने पर प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारी अनुराग जैन को मुख्य सचिव नियुक्त किया है। जैन भारत सरकार में सचिव पद पर पदस्थ थे। उनकी सेवाएं मध्य प्रदेश संवर्ग में वापस लौटाने और मुख्य सचिव पद पर नियुक्ति के आदेश हो चुके हैं।

मुख्य सचिव कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि वह बुधवार को भोपाल आएंगे। गांधी जयंती का अवकाश होने के कारण वह तीन अक्टूबर को कार्यभार ग्रहण करेंगे। ऐसी स्थिति में किसी वरिष्ठ अधिकारी को मुख्य सचिव पद का प्रभार दिया जाना चाहिए था पर सामान्य प्रशासन विभाग ने कोई आदेश जारी नहीं किया है।

मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों का कहना है कि इसकी कोई आवश्यकता इसलिए नहीं है क्योंकि वह दूरभाष पर मार्गदर्शन देने के लिए उपलब्ध हैं। फिलहाल कैबिनेट की कोई बैठक या समन्वय का मामला भी नहीं है। यदि ऐसी कोई परिस्थिति निर्मित होती है तो मुख्य सचिव वेतनमान के वरिष्ठ अधिकारी को तत्काल अधिकृत कर दिया जाएगा।

दमोह के सिंग्रामपुर में होगी पहली कैबिनेट बैठक

अनुराग जैन की बतौर कैबिनेट सचिव पहली बैठक पांच अक्टूबर को दमोह जिले के सिंग्रामपुर में होगी। यह वीरांगना रानी दुर्गावती का कार्यक्षेत्र रहा है।

Advertisement

Leave a Comment

error: Content is protected !!