Sidhi crime news:बाल श्रम की जांच करने गए लेबर इंस्पेक्टर्स के साथ हुई मारपीट…?
-कोतवाली में हुई शिकायत,ढाबा संचालक ने भी दर्ज कराई…
सीधी-सीधी शहर के जोगीपुर स्थित एक ढाबे में निरीक्षण करने गए श्रम विभाग के 2 इंस्पेक्टर के साथ बुरी तरह मारपीट की शिकायतें मिली हैं। जिसकी जानकारी कोतवाली में भी इंस्पेक्टर द्वारा दर्ज कराई गई है वहीं ढ़ाबा संचालक द्वारा भी इस मामले में कोतवाली में अलग तरह से शिकायत दर्ज कराई गई है। पूरे मामले में क्या सच्चाई है जांच के बाद स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
अपुष्ट सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पेट्रोल पंप के परिसर में ही स्थित एक ढ़ाबे में बीते 11 अक्टूबर को दोपहर तकरीबन 2 बजे जिले में पदस्थ 2 श्रम निरीक्षकों द्वारा नाबालिग बाल श्रमिकों को लेकर मिली शिकायत की जब जांच की गई तो कुछ नाबालिग बाल श्रमिक वहां काम करते देखे गए। जिसकी फोटोग्राफी होने के दौरान ढाबा संचालक द्वारा दोनों लेबर इंस्पेक्टर के साथ बुरी तरह मारपीट की वारदातें की गई। इस बुरी तरह मारपीट की घटना के शिकार हुए लेबर इंस्पेक्टर्स द्वारा कोतवाली पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है।
वहीं ढ़ाबा संचालक द्वारा भी सिटी कोतवाली में ये शिकायत दर्ज कराई गई है कि मेरे यहां श्रम विभाग के इंस्पेक्टर आए थे उनके द्वारा एक लडका खाना खा रहा था उसका वीडियो बनाया गया जो गलत था जिसका हमने विरोध किया तो उस पर वो आग बबूला हो गए। वहीं इस मामले को लेकर जब श्रम विभाग के इंस्पेक्टर्स से फोन पर संपर्क कर इस मामले में उनका पक्ष जानने की कोशिश की गई तो उनके द्वारा मामले को लेकर जानकारी देने से परहेज किया जाता रहा। संभवत वो भयभीत हैं कि ढाबा संचालक के स्थानीय एवं दबंग होने के कारण कहीं उनके साथ और भी कोई अप्रिय वारदातें न घटित हों।
वर्तमान स्थिति में शासकीय कर्मचारियों और अधिकारियों द्वारा सार्वजनिक जगहों पर कार्यवाही के दौरान उन पर होने वाले हमले पर यदि जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा तत्काल उचित और कठोर कार्रवाई नहीं की जाती तो आम जनमानस में इसका बहुत ही बुरा संदेश भी जाएगा और कर्मचारियों का मनोबल भी टूटेगा। आए दिन विभिन्न होटलों और ढाबों सहित अन्य दुकानों या प्रतिष्ठानों में छोटे बच्चे काम करते देखे जाते हैं लेकिन व्यवसाईयों के पहुंचे और दबंगई के कारण उन पर कभी कोई कार्यवाही नहीं होती और यदि कभी किसी के द्वारा कार्यवाही करने का प्रयास किया जाता है तो इस तरह की घटनाएं घटित होती हैं आवश्यकता है कि पुलिस प्रशासन द्वारा शासकीय कर्मचारी से अभद्रता और मारपीट करने वालों पर कार्यवाही की जाए।
दोनो पक्ष से मिला है आवेदन, जांच के बाद होगी कार्यवाहीः टीआई
टीआई कोतवाली अभिषेक उपाध्याय ने बताया कि दोनों पक्षों से आवेदन मिला है। जिसमें कि श्रम विभाग के इंस्पेक्टर द्वारा ये आवेदन दिया गया है कि मेरे साथ मारपीट की वारदातें हुई हैं। वहीं ढ़ाबा संचालक द्वारा आवेदन दिया गया है कि एक लडका खाना खा रहा था उस दौरान वो वीडियो बना रहे थे। ऐसे में दोनो पक्षों की शिकायत पर जांच प्रक्रिया विचाराधीन हैं। जांच के बाद जो दोषी होंगे उन पर कार्यवाही की जाएगी।








