Re. No. MP-47–0010301

Sidhi24news:मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने चित्रकूट में बनाई चाय

Sidhi24news:मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने चित्रकूट में बनाई चाय

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पत्नी सीमा के साथ चित्रकूट में दो दिवसीय दौरे पर हैं। शनिवार को पहुंचे सीएम ने रविवार सुबह भगवान कामदगिरि का पूजन किया और फिर पांच कोसी परिक्रमा की शुरुआत की। परिक्रमा के दौरान राधा कृष्ण मंदिर के नीचे चाय की दुकान चलाने वाली राधा ने उन्हें चाय पीने के लिए आमंत्रित किया।

सीएम ने दुकान पर पहुंचकर गैस चूल्हे पर चाय चढ़ाई। उन्होंने अदरक कूटकर चाय में डाली और अपनी पत्नी सीमा के साथ मिलकर चाय बनाई। इस दौरान, जब सीमा ने मजाक में कहा, “मुझे तो कभी चाय बनाकर नहीं पिलाई,” तो डॉ. यादव ने उत्तर दिया, “ये हमारी बहन है, तुम थोड़ी हो। बहन के लिए चाय बनाएंगे।” इस पल ने उपस्थित लोगों के बीच हंसी-मजाक का माहौल बना दिया।

इससे पहले, शनिवार को सीएम रामनाथ आश्रम शाला पहुंचे, जहां बच्चों ने लाठी घुमाकर अपनी कला का प्रदर्शन किया। एक बच्चे की कला देखकर सीएम इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने उसे गोद में उठा लिया।

डॉ. यादव का यह दौरा न केवल धार्मिक बल्कि सामाजिक जुड़ाव का भी प्रतीक रहा। उन्होंने अपने कार्यकाल में हमेशा जनसंपर्क को प्राथमिकता दी है, और इस तरह के छोटे-छोटे पलों से वह लोगों के दिलों में खास स्थान बनाने में सफल होते हैं।

Advertisement

Leave a Comment

error: Content is protected !!