Re. No. MP-47–0010301

भोपाल में सिंगरौली के एथलीट की संदिग्ध मौत, हार्ट अटैक की आशंका

भोपाल में सिंगरौली के एथलीट की संदिग्ध मौत, हार्ट अटैक की आशंका

 

भोपाल, 10 नवम्बर: भोपाल के टीटीनगर इलाके में शुक्रवार को गोला फेंक एथलीट अमन वर्मा (30) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि अमन अपने कमरे में मृत पाए गए, हालांकि खुदकुशी से संबंधित कोई संकेत नहीं मिले हैं। प्रारंभिक जांच में डॉक्टरों ने हार्ट अटैक से मौत की संभावना जताई है।

 

जानकारी के मुताबिक, अमन वर्मा सिंगरौली का निवासी था और टीटी नगर स्टेडियम में गोला फेंक खेल का अभ्यास करता था। शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे अमन ने अपने दोस्त आदेश को बाहर खाने के लिए बुलाया था, लेकिन जब आदेश ने कमरे का दरवाजा खटखटाया और फोन किया, तो अमन ने कोई जवाब नहीं दिया। आदेश ने पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा और अंदर पाया कि अमन जमीन पर पड़ा हुआ था और उसका सिर सूटकेस पर रखा था।

 

पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में हार्ट अटैक की आशंका जताई गई है, लेकिन पुलिस ने सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। अमन वर्मा हाल ही में दीपावली के अवसर पर अपने घर सिंगरौली गए थे और बुधवार को भोपाल लौटे थे।

 

अमन के कोच संदीप सिंह ने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से गोला फेंक खेल में सक्रिय थे और हाल ही में इंदौर में एक प्रतियोगिता में भाग लिया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है और विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Advertisement

Leave a Comment

error: Content is protected !!