Re. No. MP-47–0010301

सीधी में पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प, बम्हनी चौकी प्रभारी पर हमला

सीधी में पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प, बम्हनी चौकी प्रभारी पर हमल

सीधी, 18 दिसंबर 2024।
सीधी जिले के ग्राम बारी में सोमवार शाम पुलिस और ग्रामीणों के बीच हाथापाई और झड़प हो गई। ग्रामीणों ने बम्हनी चौकी प्रभारी डीडी सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की। घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें पुलिस को पीटते हुए लोग और महिलाएं नजर आ रहे हैं।

विवाद की शुरुआत: पानी की समस्या और रास्ता जाम

गांव में 2 महीने से व्यर्थ पानी बहने की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए सड़क पर पत्थर रखकर रास्ता बंद कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि नल-जल योजना और नहर के पानी की वजह से सड़कें खराब हो गई हैं और पानी लोगों के घरों में भर रहा है।

मामले की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और रास्ता साफ कराने के लिए पत्थरों को हटाने लगी। पुलिस के इस कदम का ग्रामीणों ने विरोध किया, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिस ने कुछ लोगों को थाने ले जाने की कोशिश की, तभी गांव की महिलाएं और अन्य लोग आक्रोशित हो गए।

पुलिसकर्मियों पर हमला, वर्दी खींची

विरोध के बीच ग्रामीणों ने बम्हनी चौकी प्रभारी डीडी सिंह के साथ धक्का-मुक्की की और मारपीट की। ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों की वर्दी पकड़कर खींची, जिससे पुलिसकर्मियों को चोटें भी आईं।

ग्रामीणों का बयान: विधायक का रास्ता रोकने की थी योजना

ग्रामवासी राम कठिन यादव ने कहा,
“हमने कई बार पानी बहने की शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। विधायक रीति पाठक आज हमारे गांव से गुजरने वाली थीं। हम उनकी गाड़ी रोककर अपनी समस्या बताना चाहते थे। पुलिस ने आकर मारपीट शुरू कर दी और हमारे खिलाफ केस दर्ज कर दिया।”

पुलिस का पक्ष: जाम खुलवाने के दौरान हमला

बम्हनी चौकी प्रभारी डीडी सिंह ने कहा कि ग्रामीणों ने सड़क जाम किया था, जिसे खुलवाने के लिए पुलिस पहुंची थी। इसी दौरान ग्रामीणों ने हाथापाई की और पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज करते हुए वर्दी खींची

चुरहट थाना प्रभारी पुष्पेंद्र मिश्रा ने बताया कि घटना के बाद राम कठिन यादव सहित पांच लोगों के खिलाफ मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा का मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

ग्रामीणों की मांग: पानी बहने की समस्या हो समाधान

ग्रामीणों का कहना है कि उनकी मूल समस्या पानी का बहाव है, जो महीनों से जारी है। प्रशासन ने इस ओर ध्यान नहीं दिया, जिसके चलते उन्होंने विधायक का रास्ता रोकने की योजना बनाई थी।

स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में

फिलहाल, गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति नियंत्रण में है। प्रशासन का कहना है कि पानी की समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा, वहीं ग्रामीणों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।


Leave a Comment

error: Content is protected !!