Sidhi24news; सीधी जिले की प्रमुख सरकारी समाचार एक साथ…
कलेक्टर ने देखी गौशाला स्थल की व्यवस्थाएं
गौ शाला के कुशल संचालन के दिए निर्देश
सीधी कलेक्टर श्री स्वरोचिष सोमवंशी ने ग्राम पंचायत बघमरिया जनपद सीधी द्वारा संचालित गौशाला, पौधरोपण स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को देखा तथा गौ शाला के कुशल संचालन के निर्देश दिए। पौधरोपण कार्य में प्रसन्नता जाहिर कर पौधो के गैप फीलिंग के निर्देश दिए गए। ग्राम पाठ में संचालित विद्यालय का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्था, स्कूल में उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन के साथ विद्यालय में शैक्षणिक स्तर सुधार हेतु निर्देशित किया गया। ग्राम पंचायत में चौपाल के माध्यम से ग्रामवासियों से शासन की संचालित योजना के लाभ, बीपीएल, आवास हितग्राही से जानकारी लेते हुए अधिक से अधिक ग्रामवासी को शासन की योजना से लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए। ग्राम पाठ में भी उचित मूल्य की दुकान संचलित करने को निर्देशित किया गया और ग्राम पाठ में नवीन सुदूर सड़क स्वीकृति करने के लिए जनपद सीईओ को निर्देशित किया गया है।
निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी शैलेश द्विवेदी, सीईओ जनपद अशोक तिवारी सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
———————–
शासकीय महाविद्यालय कुसमी में आयोजित हुई जन भागीदारी समिति की बैठक
सीधी/शासकीय महाविद्यालय कुसमी में महाविद्यालय के विकास एवं छात्र हित को ध्यान में रखते हुए जन भागीदारी समित की अतिआवश्यक बैठक विधायक धौहनी कुंवर सिंह टेकाम के मुख्य आतिथ्य एवं उपखण्ड अधिकारी कुसमी प्रिया पाठक की अध्यक्षता एवं सदस्य जिला पंचायत हीराबाई सिंह के विशिष्ट आतिथ्य में संपन्न हुई। उक्त बैठक में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. हरि चरण अहिरवार ने महाविद्यालय के विकास एवं छात्र हित को दृष्टिगत रखते हुए कई अहम प्रस्ताव जिनमें पेयजल व्यवस्था, इंटरनेट की व्यवस्था, पुस्तकों को क्रय करना आदि प्रस्तुत किया । उक्त प्रस्तावों को समिति के सदस्य गणों ने अपना अनुमोदन प्रदान किया।
उक्त बैठक में महाविद्यालय के इतिहास के प्राध्यापक डॉ. उमाशंकर तिवारी, डॉ.के बी .मिश्रा प्रभारी स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ, डॉ. अविनाश कुमार सिंह क्रीड़ा अधिकारी, ऋषि कुमार सोंधिया ग्रंथपाल, इंद्रप्रकाश गुप्ता, अमित श्रीवास्तव, संतोष गर्ग सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहे।
———————
किसान 10 जनवरी तक करा सकेंगे अपनी फसलों का बीमा
सीधी /उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास ने जानकारी देकर बताया है कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना रबी 2024-25 योजना के क्रियान्वयन के लिए शासन द्वारा जिले में एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी का चयन किया है। म.प्र. शासन द्वारा लिए गए निर्णयानुसार फसल बीमा कराने की अंतिम तिथि 10 जनवरी 2025 है। फसल बीमा कराने के मात्र 1 दिवस शेष है। उप संचालक कृषि द्वारा किसानों से अनुरोध किया है कि शासन द्वारा बढ़ाए गए समय का लाभ लेते हुए जिस बैंक में आपका किसान क्रेडिट कार्ड बना है वहां जाकर फसल बुवाई प्रमाण-पत्र एवं पटवारी हल्के की जानकारी संबंधित बैंक में जाकर बताएं। अऋणी व डिफाल्टर किसानों से अनुरोध है कि अंतिम तिथि का इंतजार न करते हुए शीघ्र ही अपने पास की बैंक शाखा जैसे सहकारी बैंक/क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक तथा राष्ट्रीयकृत बैंक में फार्म जमा कराए ताकि उनकी फसलों का बीमा योजना के तहत हो सके। किसानों से फसल बीमा करने के लिए बीमा प्रस्ताव पत्र, भू-अधिकार पुस्तिका की फोटोकाॅपी, बोवनी का प्रमाण-पत्र संबंधित (पटवारी अथवा पंचायत सचिव से प्राप्त करें) आधार कार्ड, बैंक पासबुक की फोटोकाॅपी लाने को कहा है।
—————–
रोजगार मेले में 68 आवेदकों का हुआ चयन
सीधी /विकासखण्ड प्रबंधक म.प्र. डे.रा. ग्रामीण आजीविका मिशन ने जानकारी देकर बताया है कि गुरुवार दिनांक 09.01.2025 को मुख्यकार्यपालन अधिकारी अंशुमन राज जिला पंचायत सीधी के निर्देशानुसार जिला परियोजना प्रबंधक पुष्पेन्द्र कुमार सिंह के मार्गदर्शन में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत सिहावल रविशंकर मिश्रा, जिला प्रबंधक स्किल देवेश मिश्रा के दिशा-निर्देशन में जनपद सभागार सिहावल में रोजगार मेला आयोजित किया गया। मेले में एजाइल सिक्योरिटी फोर्स प्रा. लि. कम्पनी के मापदण्डों के आधार पर युवकों का रोजगार के अवसर प्रदान किया गया है। जिसमें पद-सुरक्षा जवान, में शैक्षणिक योग्यता-10 वीं, उम्र 18 से 37 वर्ष, ऊंचाई 165 से.मी. रखा गया। पद- सुरक्षा सुपरवाईजर के लिये स्नातक, एनसीसी, उम्र 25 से 37 वर्ष, ऊंचाई 172 से.मी., निर्धारित किया गया। पद-एन.सी.ओ. स्नातक एक्सपीरियंस, उम्र 30 से 37 वर्ष, ऊॅचाई 170 से.मी. एवं हाउस कीपिंग (वेटर) 8 वीं, उम्र 18 से 37 वर्ष निर्धारित किया गया है। आयोजित रोजगार मेला में 115 बेरोजगार युवकों का पंजीयन हुआ। 68 आवेदको का चयन किया गया है। रोजगार मेला में एजाइल सिक्योरिटी फोर्स प्रा. लि. कम्पनी के आशीष अरजरिया एवं कुलदीप सोनतिया सहायक सुरक्षा अधिकारी द्वारा उपस्थित युवकों का निर्धारित मापदण्डों के आधार पर सलेक्शन किया गया। आयोजित मेला में विकासखण्ड प्रबंधक अखिलेश त्रिपाठी एवं आरसेटी रेनू सिंह उपस्थित रहे।
—————–
जवाहर नवोदय विद्यालय चुरहट कक्षा 6वीं प्रवेश परीक्षा 18 जनवरी को
सीधी /प्रभारी प्राचार्य जवाहर नवोदय विद्यालय चुरहट ने जानकारी देकर बताया है कि जवाहर नवोदय विद्यालय चुरहट जिला सीधी के कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु चयन परीक्षा का आयोजन जिले के 8 विभिन्न केन्द्रों पर दिनांक 18.01.2025 को होगा। परीक्षा केन्द्र पर रिपोर्टिंग का समय 10.30 है। अभ्यर्थी प्रवेश पत्र वेबसाइट से डाउनलोड एवं प्रिंट कर के परीक्षा में उपस्थित हों।
उन्होने बताया कि जनपद पंचायत रामपुर नैकिन में 312, चुरहट में 304, सीधी क्रमांक 1 में 600, सीधी क्रमांक 02 में 400, सिहावल में 500, मझौली माडल 01 में 240, मझौली पथरौला 02 में 493 एवं कुसमी में 398 कुल 3247 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे।
—————–
विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस पर स्वैच्छिक उपभोक्ता संगठन एवं व्यक्तियों को किया जाएगा पुरस्कृत
आवेदन की अंतिम तिथि 23 जनवरी
सीधी जिला आपूर्ति अधिकारी ने जानकारी देकर बताया है कि उपभोक्ता अधिकार दिवस दिनांक 15 मार्च 2025 के अवसर पर उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने उपभोक्ता संरक्षण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले स्वैच्छिक उपभोक्ता संगठन एवं व्यक्तियों को राज्य एवं संभाग स्तरीय पुरस्कार प्रदाय किया जावेगा। उपरोक्त पुरस्कारों के लिये ऐसे संगठनों/व्यक्तियों का चयन दिनांक 01 जनवरी 2024 से दिनांक 31 दिसम्बर 2024 तक की अवधि में की गई गतिविधियों के आधार पर किया जावेगा। राज्य स्तरीय तीन पुरस्कार मय प्रशस्ति पत्र प्रदान किये जावेंगे।
राज्य स्तरीय प्रथम पुरस्कार 1 लाख 11 हजार रूपये, द्वितीय पुरस्कार 51 हजार रूपये एवं तृतीय पुरस्कार 25 हजार प्रदाय किया जायेगा। इसी प्रकार संभाग स्तरीय प्रथम पुरस्कार 21 हजार रूपये, द्वितीय पुरस्कार 11 हजार रूपये एवं तृतीय पुरस्कार 5 हजार रूपये प्रदाय किये जावेंगे।
राज्य स्तरीय एवं संभाग स्तरीय आवेदन पृथक-पृथक स्वीकार किये जावेंगे। राज्य स्तरीय पुरस्कार वर्ष 2024-25 हेतु एवं संभाग स्तरीय पुरस्कार वर्ष 2024-25 हेतु सुस्पष्ट रूप से लिखा जावे। आवेदन प्रारूप क विभाग की वेबसाईट पर उपलब्ध है। आवेदन दिनांक 23 जनवरी 2025 तक संबंधित कार्यालय जिला कलेक्टर (खाद्य) में स्वीकार किये जावेंगे। इस संबंध में बिना कलेक्टर की अनुशंसा के आवेदन सीधे संचालनालय खाद्य में स्वीकार नही किये जायेंगे, विलंब से प्रस्तुत आवेदन स्वीकार नही किये जायेंगे। इस संबंध में अतिरिक्त जानकारी के लिये संबंधित कार्यालय जिला कलेक्टर (खाद्य) से संपर्क किया जा सकता है। विगत वर्ष राज्य स्तरीय प्रथम/द्वितीय/तृतीय पुरस्कार प्राप्त संस्थाओं के आवेदन पर चयन समिति द्वारा विचार नही किया जावेगा।
—————–
गणतंत्र दिवस की तैयारी बैठक 13 जनवरी को
सीधी/अपर कलेक्टर ने जानकारी देकर बताया है कि 26 जनवरी 2025 को गणतंत्र दिवस के आयोजन के संबंध में दिनांक 13.01.2025 को कलेक्ट्रेट सभागार में टीएल बैठक के पश्चात बैठक आयोजित की गई है। उन्होने समस्त विभाग प्रमुखों को सूचित किया है कि गणतंत्र दिवस की तैयारी के संबंध में आवश्यक जानकारी के साथ उपस्थित होना सुनिश्चित करें।
—————–








