ब्यौहारी: तेज रफ्तार बोलेरो ने मारी टक्कर, रोजगार सहायक की मौके पर मौत
ब्यौहारी (शहडोल), शनिवार: ब्यौहारी थाना क्षेत्र के जोरा गांव में शनिवार सुबह एक तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे मोहनी पंचायत में पदस्थ रोजगार सहायक अनूप मिश्रा (40) पिता जवाहरलाल मिश्रा की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह घटना सुबह 6 बजे के करीब हुई, जब अनूप मिश्रा अपनी बाइक से रीवा की ओर जा रहे थे। तभी जोरा पुलिया के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही उनकी जान चली गई। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
सड़क निर्माण में लापरवाही बनी हादसों की वजह
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य के दौरान कोई सुरक्षा उपाय नहीं किए गए हैं। जोरा पुलिया के पास सड़क के बीच खुदे गड्ढों और धंसी हुई सड़क के कारण वाहन असंतुलित हो जाते हैं, जिससे लगातार हादसे हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि इस पुलिया के पास यह पांचवीं मौत है, लेकिन प्रशासन अब तक इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
लोगों का आरोप है कि ठेकेदार की लापरवाही और एमपीआरडीसी (MPRDC) की उदासीनता के कारण ही इस प्रकार की घटनाएं हो रही हैं। हादसे के बाद आनन-फानन में डायवर्शन बोर्ड लगा दिया जाता है, लेकिन निर्माण कार्य के दौरान कोई चेतावनी संकेत या बैरिकेडिंग नहीं की जाती।
पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपी चालक की तलाश जारी
थाना प्रभारी अरुण पांडे ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फरार बोलेरो चालक की तलाश में पुलिस टीम रवाना की गई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
स्थानीय लोगों में आक्रोश, प्रशासन से कार्रवाई की मांग
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। वे प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि सड़क निर्माण में हो रही लापरवाही के लिए ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही, भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोकने के लिए निर्माण स्थलों पर उचित सुरक्षा उपाय किए जाएं।
परिवार को मिले मुआवजा, दोषियों पर हो कार्रवाई
मृतक अनूप मिश्रा जनपद पंचायत जयसिंहनगर में रोजगार सहायक के पद पर कार्यरत थे और संघ के सचिव भी थे। उनकी अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। स्थानीय लोगों और उनके सहकर्मियों ने सहित प्रदेश भर के रोजगार सहायकों ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए सरकार से मांग की है कि पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो।
(रिपोर्ट: स्थानीय संवाददाता)








