जादू-टोने के शक में बुजुर्ग महिला की पीट-पीटकर हत्या, परिवार पर भी हमला

सीधी, 21 फरवरी: सीधी जिले के कुसमी थाना क्षेत्र के ग्राम मेडरा के पिपरहा में जादू-टोने के शक में 65 वर्षीय महिला चिराऊंजिया सिंह की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हमले में महिला के पति श्री मान सिंह, बेटे उदयभान सिंह और पोते पृथ्वीराज सिंह भी गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना बुधवार रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है।
हमलावरों ने घर में घुसकर किया हमला
पीड़ित परिवार की आराधना सिंह ने बताया कि हमलावर पांच लोग थे, जिन्होंने मिलकर उनके ससुराल वालों पर हमला किया। मुख्य आरोपी पुष्पराज, दिलीप, संतोष, अजय सिंह और इंद्रभान सिंह सहित अन्य हमलावर ग्राम पिपरहा से आए थे।
हमलावरों ने पहले महिला के लकवाग्रस्त पति श्री मान सिंह को पीटा, फिर चिराऊंजिया सिंह को जबरन पकड़कर अपने घर पिपरहा मोहल्ले ले गए, जहां उन्होंने बेरहमी से उनकी हत्या कर दी।
पुलिस ने जांच शुरू की, एसडीओपी भी पहुंचीं
थाना प्रभारी कुसमी भूपेश बैस ने बताया कि महिला की हत्या और परिवार पर हमले का मामला दर्ज कर लिया गया है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और आरोपियों की तलाश जारी है।
एसडीओपी रोशनी ठाकुर भी कुसमी थाना पहुंचीं और एफएसएल टीम के साथ जांच शुरू की। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है और पूछताछ जारी है।
गांव में दहशत, जल्द होगी गिरफ्तारी
इस घटना के बाद गांव में डर और दहशत का माहौल है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।








