Re. No. MP-47–0010301

सीधी के पड़ोसी जिले में भीषण हिंसा,ASI सहित युवक की मौत

सीधी के पड़ोसी जिले में भीषण हिंसा,ASI सहित युवक की मौत, तहसीलदार सहित कई पुलिसकर्मी घायल 

मऊगंज (मध्यप्रदेश): सीधी के पड़ोसी मऊगंज जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के गड़रा गांव में रविवार को एक गंभीर हिंसक घटना सामने आई। आदिवासी परिवार ने एक युवक को बंधक बनाकर पीटा, जिसके बाद पुलिस टीम उसे बचाने पहुंची, लेकिन आरोपियों ने पुलिस पर भी हमला कर दिया। इस हमले में एएसआई रामचरण गौतम समेत एक युवक की मौत हो गई, जबकि तहसीलदार समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, दो महीने पहले हुए एक सड़क हादसे में अशोक कुमार आदिवासी की मौत हो गई थी। मृतक के परिजनों ने इसे महज एक दुर्घटना न मानते हुए सनी द्विवेदी नामक युवक पर हत्या का आरोप लगाया था। होली के दिन शाम करीब 4 बजे, आदिवासी परिवार ने सनी द्विवेदी को पकड़कर एक कमरे में बंद कर दिया और उसकी बेरहमी से पिटाई की। मारपीट इतनी गंभीर थी कि सनी की मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही शाहपुर थाना प्रभारी संदीप भारतीय अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन जैसे ही उन्होंने कमरे को खुलवाया, देखा कि सनी द्विवेदी की मौत हो चुकी है।

पुलिस पर हमला, ASI की मौत

फोर्स को देखकर आरोपियों ने डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। इस हिंसा में थाना प्रभारी संदीप भारतीय, हनुमना तहसीलदार कुंवारे लाल पनिका, एएसआई बृहस्पति पटेल, एएसआई रामचरण गौतम, एसडीओपी अंकिता शूल्या और 25वीं बटालियन के जवान जवाहर सिंह यादव समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।

घायलों को इलाज के लिए मऊगंज के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एएसआई रामचरण गौतम ने दम तोड़ दिया।

गांव में भारी पुलिस बल तैनात

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रीवा और सीधी जिले से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। कलेक्टर अजय श्रीवास्तव ने बताया कि गांव में धारा 163 लागू कर दी गई है और स्थानीय प्रशासन ने लोगों से घरों में रहने की अपील की है।

एसडीओपी और एसआई ने खुद को कमरे में बंद किया

पुलिस टीम पर हमले के दौरान एसडीओपी अंकिता शूल्या और एसआई आरती वर्मा ने खुद को गांव के एक कमरे में बंद कर लिया। इसके बाद भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और फायरिंग करते हुए अंदर घुसा। पुलिस ने एसडीओपी और एसआई को सुरक्षित बाहर निकाला और सनी द्विवेदी के शव को भी कब्जे में लिया।

आरोपियों की तलाश जारी

फिलहाल, पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है, लेकिन कुछ पुलिसकर्मियों के अब भी आरोपियों की गिरफ्त में होने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने गांव में शांति बनाए रखने के लिए सुरक्षा बढ़ा दी है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

(यह खबर अपडेट की जा रही है, अधिक जानकारी के लिए जुड़े रहें…)

Leave a Comment

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!