Re. No. MP-47–0010301

मझौली में मारपीट का मामला: पुलिस ने किया खुलासा

मझौली में मारपीट का मामला: पुलिस ने किया खुलासा, जातिगत संघर्ष नहीं, आपसी विवाद

सीधी जिले के मझौली थाना क्षेत्र में रविवार को हुई मारपीट की घटना पर पुलिस ने आधिकारिक बयान जारी किया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह जातिगत संघर्ष नहीं, बल्कि आपसी विवाद का मामला है।

क्या है पूरा मामला?

फरियादी शुभम सिंह तिवारी (25) निवासी परसिली ने थाना मझौली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 15 मार्च 2025 को रोशन सिंह गोड़, अखिलेश सिंह गोड़, गोलू सिंह गोड़, बुद्धसेन सिंह गोड़ (सभी निवासी बोड्डिहा, जिला शहडोल) और राहुल यादव (निवासी परसिली, सीधी) ने उसके साथ गाली-गलौज कर लाठी-डंडों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इस पर थाना मझौली में अपराध क्रमांक 287/25 धारा 296, 115(2), 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया गया।

कैसे शुरू हुआ विवाद?

पुलिस जांच में सामने आया कि शुभम तिवारी 14 मार्च को अपने दोस्त शैलेंद्र यादव के साथ बाइक से चमराडोल से परसिली जा रहा था। रास्ते में उसे संदेह हुआ कि एक स्कूटी में उसकी गर्लफ्रेंड बैठी है, इसलिए उसने स्कूटी का पीछा किया। इस दौरान सामने से बाइक से आ रहे तीन आरोपियों को रोकने की कोशिश की, जिससे उसका हाथ उनकी बाइक से टकरा गया। आरोपियों ने गाली दी और आगे बढ़ गए। इसके बाद शुभम तिवारी ने अपने साथियों को बुलाकर आगे की गुमटी पर आरोपियों को रुकवाया और उनसे मारपीट की।

इस विवाद की सूचना पुलिस को नहीं दी गई, लेकिन अगले दिन 15 मार्च को आरोपीगण चमराडोल और मझौली पहुंचे और शुभम तिवारी के साथ मारपीट की। पुलिस ने तुरंत इस मामले में कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कर ली।

बदले की कार्रवाई में दूसरी मारपीट

16 मार्च को शुभम तिवारी के दोस्त सूरज तिवारी और अन्य 4-5 लोगों ने इस घटना का बदला लेने के लिए पसगड़ी, ब्यौहारी (शहडोल) निवासी मृत्यंजय उर्फ अंकित सिंह गौंड और मनीष सिंह गौंड को बुलवाकर परसिली में गालियां दीं और मारपीट की। इस पर थाना ब्यौहारी (शहडोल) में अपराध क्रमांक 183/25 धारा 140(3), 296, 115, 351(3), 324, 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।

जातिगत संघर्ष नहीं, आपसी विवाद

पुलिस जांच में यह स्पष्ट हो गया कि दोनों पक्ष पहले से एक-दूसरे को नहीं जानते थे और यह पूरा मामला आपसी विवाद के चलते हुआ। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस घटना को जातिगत संघर्ष का रूप न दें। सभी आरोपियों पर वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Advertisement

Leave a Comment

error: Content is protected !!