मऊगंज: घर में मिले एक ही परिवार के तीन शव, इलाके में सनसनी

मऊगंज: जिले के गडरा गांव में एक घर के अंदर से तीन शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घर से बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, तो वहां तीन शव पड़े मिले। कलेक्टर संजय कुमार जैन और एसपी दिलीप कुमार सोनी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं।
घर के अंदर मिले पिता और दो बच्चों के शव
मृतकों की पहचान औसेरी साकेत (पिता), बेटी मीनाक्षी (11) और बेटे अमन (8) के रूप में हुई है। औसेरी की पत्नी की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी, और वह बच्चों के साथ अकेले रहता था। पड़ोसियों ने बताया कि सुबह से घर से तेज बदबू आ रही थी, जब उन्होंने खिड़की से झांककर देखा तो दरवाजा अंदर से बंद था। संदेह होने पर पुलिस को सूचना दी गई।
फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी
पुलिस ने रीवा से फॉरेंसिक टीम और अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया है। अब तक मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्राथमिक जांच में मामला संदिग्ध लग रहा है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
गडरा गांव में पहले भी हो चुका है बड़ा विवाद
गौरतलब है कि 15 मार्च को इसी गांव में हिंसा हुई थी, जब सनी द्विवेदी नामक युवक की आदिवासियों द्वारा पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। इस दौरान एएसआई रामचरण गौतम पर भी हमला हुआ था, जिसमें वे शहीद हो गए थे। इस घटना में 15 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए थे। तब से गांव में धारा 144 लागू है और पुलिस कैंप लगाकर सुरक्षा व्यवस्था बनाई गई है।
पुलिस पर बढ़ा दबाव, जांच में जुटा प्रशासन
इस हालिया घटना ने प्रशासन को एक बार फिर अलर्ट कर दिया है। क्या यह आत्महत्या है, हत्या या कोई और साजिश? पुलिस इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी हुई है।
आगे की जानकारी के लिए पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के नतीजों का इंतजार किया जा रहा है।








