Re. No. MP-47–0010301

कोतवाली पुलिस की शानदार कार्रवाई: बीच शहर हुई  लूट की वारदात का किया खुलासा

कोतवाली पुलिस की शानदार कार्रवाई: बीच शहर हुई  लूट की वारदात का किया खुलासा

-59 हजार रुपए और मोबाइल किया बरामद

सीधी, 04 अप्रैल 2025।
सीधी जिले की कोतवाली पुलिस ने एक बार फिर अपनी कार्यकुशलता और सक्रियता का परिचय देते हुए लूट की एक बड़ी वारदात का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने न सिर्फ लूट के आरोपियों को पकड़ा, बल्कि पीड़ित से लूटी गई पूरी रकम भी बरामद कर ली है। इस पूरी कार्रवाई में सीसीटीवी सर्विलांस ने अहम भूमिका निभाई।

घटना 31मार्च की रात करीब 2:40 बजे की है, जब फरियादी दिलेन्द्र यादव, निवासी ग्राम भितरी थाना बहरी, रतनपुर (छत्तीसगढ़) से अपने गांव लौटते समय सीधी बस स्टैंड के पास वाहन का इंतजार कर रहा था। तभी दो अज्ञात युवकों ने उस पर हमला कर उसका मोबाइल लूट लिया और फरार हो गए।

घटना के अगले दिन जब फरियादी ने अपने बैंक स्टेटमेंट की जांच की, तो पता चला कि मोबाइल के जरिए उसके खाते से करीब 59,000 रुपये भी निकाल लिए गए हैं।

फरियादी द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद पुलिस अधीक्षक डॉ. रवीन्द्र वर्मा के निर्देशन में तत्काल एक विशेष टीम गठित की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पेंद्र मिश्रा, उपनिरीक्षक विवेक द्विवेदी और उनकी टीम ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान की और चंद घंटों में ही दोनों विधि विरुद्ध बालकों को हिरासत में ले लिया।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया और पुलिस को लूटी गई पूरी रकम बरामद करवाई। हालांकि, उन्होंने मोबाइल को तोड़कर फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपियों को बाल न्यायालय में प्रस्तुत कर आगे की वैधानिक कार्रवाई पूर्ण की।

पुलिस की तत्परता पर जनता ने जताया भरोसा
इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के बाद स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन की सराहना की है। सोशल मीडिया और स्थानीय मंचों पर कोतवाली पुलिस की तारीफ करते हुए लोगों ने कहा कि सीधी पुलिस पर भरोसा और भी मजबूत हुआ है।

इनका रहा अहम योगदान:
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पेंद्र मिश्रा, उपनिरीक्षक विवेक द्विवेदी, प्रधान आरक्षक रण बहादुर सिंह, आरक्षक शांतनु मिश्रा और चालक प्रधान आरक्षक अशोक बहरोलिया की सक्रिय भूमिका रही।

संदेश स्पष्ट है – अपराधी कोई भी हो, कानून के हाथों से नहीं बच सकता।


Advertisement

Leave a Comment

error: Content is protected !!