सीधी जिले के भदौरा गांव में जमीन विवाद ने ली हिंसक रूप, दो भाइयों पर जानलेवा हमला
चार आरोपियों के खिलाफ एफआईआर, घायल जिला अस्पताल में भर्ती, पुलिस तलाश में जुटी
सीधी।
जिले के मझौली थाना अंतर्गत भदौरा गांव में रविवार शाम एक लंबे समय से चले आ रहे जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गांव के ही चार लोगों ने मिलकर दो सगे भाइयों पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल व्यक्तियों की पहचान मुलायम यादव और सुरेश यादव के रूप में हुई है। बताया गया कि शाम करीब 5 बजे मुलायम और सुरेश यादव खेत के पास मौजूद थे, तभी गांव के ही ध्रुव सिंह, मदन सिंह, दादू सिंह और सनी सिंह वहां पहुंचे और अचानक हमला कर दिया। हमले में सुरेश यादव के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें छह टांके लगे हैं, वहीं मुलायम यादव का एक हाथ टूट गया और उनके सिर में भी गहरी चोटें आई हैं।
स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद दोनों घायलों को जिला अस्पताल सीधी ले जाया गया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत फिलहाल स्थिर है, परंतु निगरानी में रखा गया है।
पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच करीब तीन एकड़ जमीन को लेकर वर्षों से विवाद चला आ रहा था। पूर्व में भी आपसी कहासुनी और तनाव की स्थिति बन चुकी थी, लेकिन इस बार मामला हिंसा में बदल गया।
घटना की सूचना मिलते ही मझौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। थाना प्रभारी दीपक सिंह बघेल ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर चारों आरोपियों के खिलाफ मारपीट, जानलेवा हमला और अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश के लिए टीम गठित की गई है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।
घटना के बाद गांव में भय और तनाव का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से मांग की है कि गांव में गश्त बढ़ाई जाए और पीड़ित परिवार को सुरक्षा दी जाए।








