उज्जैन में महिला ने युवक पर दरांते से किया हमला, सीसीटीवी में कैद हुई सनसनीखेज वारदात
पुराने विवाद को लेकर चिमनगंज थाना क्षेत्र में हुई झकझोर देने वाली घटना, युवक गंभीर घायल

उज्जैन।
चिमनगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक महिला ने पुराने विवाद को लेकर एक युवक पर दरांते (हंसिया) से जानलेवा हमला कर दिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज शनिवार को सामने आया, जिसमें हमले की पूरी वारदात कैद हो गई है। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
सीसीटीवी में कैद हुई हैरान कर देने वाली तस्वीरें
घटना उज्जैन के आगर नाका स्थित एचएसएस ग्रुप के ऑफिस के सामने हुई। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि इकबाल (31) पिता सादिक खान, जो अपनी बाइक निकाल रहा था, तभी अचानक यास्मीन नाम की महिला दरांता लिए उस पर टूट पड़ती है। हमले के दौरान दोनों के बीच जोरदार हाथापाई होती है, जिसमें इकबाल महिला को किसी तरह काबू करता है।
पुराना विवाद बना हमले की वजह
पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला यास्मीन और उसका पति अखलाक पठान, निवासी शंकरपुर, का इकबाल से पुराना विवाद चला आ रहा था। शुक्रवार को उसी रंजिश के चलते दोनों ने मिलकर इकबाल से झगड़ा किया और फिर यास्मीन ने दरांते से हमला कर दिया। इकबाल को सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं।
हमले के बाद धमकी देकर फरार
घटना के बाद आरोपी पति-पत्नी ने इकबाल को जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। वहीं स्थानीय लोगों की मदद से घायल इकबाल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
चिमनगंज थाना पुलिस ने यास्मीन और उसके पति अखलाक पठान के खिलाफ जानलेवा हमले का केस दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यह घटना न केवल शहर में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है बल्कि यह भी बताती है कि निजी रंजिशें किस हद तक खतरनाक हो सकती हैं।








