सीधी में युवक की मौत ने लिया नया मोड़, बहू पर हत्या की साजिश का आरोप
सीधी। मध्यप्रदेश के सीधी जिले में एक सड़क दुर्घटना के बाद युवक की मौत का मामला अब नया मोड़ ले चुका है। मृतक रहीस साकेत की मां ने बेटे की बहू पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि बहू और आरोपी इंद्रभान साकेत के बीच अवैध संबंध थे और बहू ने साजिश के तहत रहीस की हत्या करवाई।

रहीस को 9 अप्रैल की रात कार से कुचल दिया गया था। घायल हालत में उसे रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार दोपहर करीब 2 बजे उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों के अनुसार, रहीस के पैरों में फ्रैक्चर और सिर व छाती पर गंभीर चोटें थीं जो जानलेवा साबित हुईं।
घटना की जानकारी मिलते ही रविवार को परिजनों और ग्रामीणों ने सीधी शहर के पड़रा क्षेत्र में चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने इसे सुनियोजित हत्या बताया और आरोप लगाया कि यह केवल एक दुर्घटना नहीं थी, बल्कि पुरानी रंजिश के चलते यह साजिशन की गई हत्या है।
कोतवाली थाना प्रभारी पुष्पेंद्र मिश्रा ने बताया कि पहले मामला एक्सीडेंट के तहत दर्ज किया गया था, लेकिन रहीस की मौत के बाद धाराएं बढ़ाई जाएंगी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपी इंद्रभान साकेत के बीच पहले से विवाद था और दोनों घटना वाले दिन साथ देखे गए थे।
जांच जारी, पुलिस सभी पहलुओं पर नजर बनाए हुए है और परिजनों के आरोपों की भी गंभीरता से जांच की जा रही है।








