Re. No. MP-47–0010301

एमपी में पंचायत सचिव और रोजगार सहायकों के जल्द होंगे तबादले, स्थानांतरण नीति शीघ्र

एमपी में पंचायत सचिव और रोजगार सहायकों के जल्द होंगे तबादले, स्थानांतरण नीति शीघ्र

रीवा से विशेष संवाददाता की रिपोर्ट

रीवा। मध्यप्रदेश में ग्राम पंचायत सचिवों और रोजगार सहायकों के तबादले को लेकर बड़ा फैसला जल्द ही लिया जाने वाला है। प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने रीवा में स्पष्ट किया कि इन पदों की स्थानांतरण नीति शीघ्र घोषित की जाएगी। मंत्री ने कहा कि यह नीति उन शिकायतों को ध्यान में रखते हुए तैयार की जा रही है, जो वर्षों से एक ही स्थान पर जमे कर्मचारियों के विरुद्ध आ रही हैं। साथ ही, उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस नीति में कर्मचारियों के हितों का भी ध्यान रखा गया है।

मंत्री पटेल, जो रीवा जिले के प्रभारी मंत्री भी हैं, गुरुवार को जिला योजना समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पंचायत सचिव और रोजगार सहायकों के स्थानांतरण नीति आधारित होंगे और इससे व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही आएगी।

महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मिली मंजूरी

बैठक में सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज का नाम बदलकर ‘कल्पना चावला पॉलिटेक्निक कॉलेज’ किए जाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। साथ ही, बेंगलुरु की गोकुलदास एक्सपोर्ट लिमिटेड के सहयोग से शासकीय कन्या महाविद्यालय के छात्रावास में सिलाई और कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने का निर्णय भी लिया गया।

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा करते हुए मंत्री पटेल ने कहा कि रीवा सहित समूचे विंध्य क्षेत्र में आवास योजना के अंतर्गत बेहतरीन कार्य हुआ है। जिले में अब तक 27 लाख आवास मंजूर किए जा चुके हैं जबकि 6.5 लाख आवासों की मंजूरी जल्द दी जाएगी।

जल संरक्षण पर विशेष जोर

मंत्री ने जानकारी दी कि प्रदेश में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत 50 हजार खेत तालाब बनाए जाएंगे। उन्होंने मनरेगा के अधूरे कार्यों को 15 मई तक पूरा करने के निर्देश दिए और जल संरक्षण से जुड़े सभी निर्माण कार्यों को शीघ्र स्वीकृति देने को कहा।

विधायकों और जनप्रतिनिधियों ने दिए अहम सुझाव

बैठक में उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने ग्रामीण क्षेत्रों में नल जल योजना की सफलता की सराहना की और जल संरक्षण में सामाजिक संगठनों की भागीदारी पर बल दिया। गुढ़ विधायक नागेन्द्र सिंह ने बाणसागर बांध की नहरों से तालाबों और नदियों में पानी छोड़ने की सिफारिश की, ताकि जल संकट से निपटा जा सके।

देवतलाब विधायक गिरीश गौतम, सेमरिया विधायक अभय मिश्रा और रीवा महापौर अजय मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी जिले के विकास से जुड़े मुद्दों और योजनाओं पर अपने विचार रखे। बैठक में रीवा कलेक्टर प्रतिभा पाल ने योजनाओं की वर्तमान स्थिति और क्रियान्वयन की जानकारी दी।

जनसुनवाई भी हुई आयोजित

मंत्री प्रहलाद पटेल ने आमजनों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय संत डॉ. योगानंद गिरी महाराज से भी भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया।


Advertisement

Leave a Comment

error: Content is protected !!