Re. No. MP-47–0010301

बांध में नहाते समय डूबे तीन मासूम, मौके पर ही मौत

 बांध में नहाते समय डूबे तीन मासूम, मौके पर ही मौत

सतना, 26 अप्रैल 2025
सतना जिले के धारकुंडी थाना क्षेत्र में शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। अमुआ बांध में नहाने गए तीन आदिवासी बच्चे गहरे पानी में डूब गए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। ग्रामवासियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद आधे घंटे के भीतर तीनों बच्चों के शव बाहर निकाल लिए गए।

हादसे की सूचना मिलते ही मद्रगवां तहसीलदार सोमेश द्विवेदी और धारकुंडी थाना प्रभारी शैलेन्द्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। तहसीलदार ने मौके पर ही रेडक्रॉस के माध्यम से मृतकों के परिजनों को 25-25 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान की।

एक ही गांव के थे तीनों बच्चे
डूबने वाले बच्चों की पहचान अभिजीत पुत्र अजीत कोल (6 वर्ष), अभी पुत्र कल्लू कोल (5 वर्ष) और कृष्णा पुत्र नंदू कोल (5 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों बच्चे पास के ही गांव कंडेला के रहने वाले थे। पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबा दिया है। गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

Advertisement

Leave a Comment

error: Content is protected !!