आज के प्रमुख सरकारी समाचार
सीधी, 26 अप्रैल 2025 |
जिले में आज विभिन्न सरकारी गतिविधियों की जानकारी दी गई, जिनमें जनसेवा, आपदा सहायता, विद्युत आपूर्ति सुधार, कृषि क्षेत्र की योजनाएँ तथा न्यायिक व्यवस्था के सुधार संबंधी समाचार प्रमुख रहे।
सड़क दुर्घटना में मृतकों को मिली आर्थिक सहायता
उपखंड अधिकारी कुसमी, प्रिया पाठक ने जानकारी दी कि देवलोंद (बाणसागर), जिला शहडोल में पिकअप वाहन पलटने से तहसील कुसमी के चार व्यक्तियों – रामभान बैगा, प्रेमलाल बैगा, शिवपूजन बैगा और रामावतार बैगा की मृत्यु हो गई। मृतकों के परिजनों को तत्काल राहत के रूप में 50 किलो चावल, 20 किलो गेहूं तथा रेडक्रॉस सोसायटी से 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई।
समाधान एक दिन योजना में 32 सेवाएं त्वरित उपलब्ध
प्रशासन को अधिक पारदर्शी और उत्तरदायी बनाने के उद्देश्य से ‘समाधान एक दिन’ योजना प्रभावी रूप से संचालित की जा रही है। इस योजना के तहत आय, निवास प्रमाण पत्र, खाद्य सुरक्षा योजना की डुप्लीकेट पर्ची, ट्रेड लाइसेंस, भूमि अभिलेखों की प्रतिलिपियाँ, स्वामित्व योजना से संबंधित प्रमाण पत्र, जननी सुरक्षा योजना और परिवहन विभाग की सेवाएं एक ही दिन में उपलब्ध कराई जा रही हैं। नोडल अधिकारी के स्तर पर निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है, अन्यथा उनके विरुद्ध कार्रवाई का प्रावधान भी है।
प्री-मानसून मेंटिनेंस के चलते बिजली आपूर्ति रहेगी बाधित
अधीक्षण अभियंता (संचा-संधा) म.प्र.पू.क्षे.वि.वि.कं. लिमिटेड ने बताया कि 28 अप्रैल से 7 मई तक जिले में विभिन्न 33 केवी फीडरों पर मेंटिनेंस कार्य चलते रहने के कारण विद्युत आपूर्ति प्रभावित रहेगी। कार्य प्रातः 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक किया जाएगा। कार्य की अधिकता के आधार पर समय में परिवर्तन भी संभव है।
तुअर फसल के पंजीयन की अंतिम तिथि 30 अप्रैल
उपसंचालक कृषि संजय श्रीवास्तव ने जिले के किसानों से अपील की है कि वे तुअर फसल का विक्रय शासन द्वारा तय न्यूनतम समर्थन मूल्य 7550 रुपये प्रति क्विंटल पर करना चाहते हैं तो 30 अप्रैल 2025 तक ई-उपार्जन पोर्टल अथवा अन्य निर्धारित माध्यमों से पंजीयन अवश्य करवा लें। निर्धारित समयावधि के बाद पंजीयन का अवसर नहीं मिलेगा।
किसानों से नरवाई नहीं जलाने की अपील
गेहूं की कटाई के बाद खेत में बचे अवशेष (नरवाई) जलाना अब जिले में प्रतिबंधित कर दिया गया है। उप संचालक कृषि ने किसानों से नरवाई न जलाने की अपील करते हुए बताया कि इससे पर्यावरण को नुकसान होता है और भूमि की उर्वरता घटती है। उल्लंघन करने पर भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223 के अंतर्गत कार्रवाई एवं पर्यावरण मुआवजा वसूला जाएगा। साथ ही, हार्वेस्टर मशीन में भूसा बनाने की मशीन (स्ट्रारीपर) लगाना भी अनिवार्य कर दिया गया है।
जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जल संरक्षण का संकल्प
जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत ग्राम लदवद खुर्द में ग्रामीणों ने बोरी बंधान कर जल संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में महिलाओं और पुरुषों ने मिलकर जल स्रोतों को सुरक्षित करने का संकल्प लिया। इस पहल से आसपास के गांवों के पशुओं को भी जलस्रोत उपलब्ध रहेंगे। कार्यक्रम में जन अभियान परिषद के अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
नेशनल लोक अदालत 10 मई को
जिले में आगामी 10 मई को द्वितीय नेशनल लोक अदालत का आयोजन होगा। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रयाग लाल दिनकर ने बैठक लेकर सभी न्यायाधीशगण और बीमा कंपनियों के अधिवक्ताओं को अधिक से अधिक प्रकरणों के निराकरण के निर्देश दिए। इस लोक अदालत में विद्युत अधिनियम के अंतर्गत दर्ज मामलों में घरेलू, कृषि और छोटे व्यावसायिक उपभोक्ताओं को जुर्माने में विशेष छूट प्रदान की जाएगी। साथ ही, प्री-लिटिगेशन और लिटिगेशन स्तर पर मामलों में ब्याज माफी भी की जाएगी।








