मध्यप्रदेश के कर्मचारियों को बड़ी सौगात : डीए 55% हुआ, प्रमोशन का रास्ता भी साफ
भोपाल।
मध्यप्रदेश सरकार ने प्रदेश के 7.30 लाख सरकारी कर्मचारियों को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने महंगाई भत्ता (DA) 5 प्रतिशत बढ़ाकर 55 प्रतिशत करने की घोषणा की है। इस फैसले से राज्य सरकार पर 175 करोड़ रुपये का अतिरिक्त भार आएगा। मुख्यमंत्री ने यह घोषणा मध्यप्रदेश राजपत्रित अधिकारी संघ के कार्यक्रम में की।
प्रमोशन की राह भी होगी आसान
मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्मचारियों के प्रमोशन की मांग वर्ष 2016 से लंबित है। इसे लेकर मंत्रिमंडल की समिति बनाई गई है जो सभी वर्गों के अधिकारियों से बातचीत कर रही है। सरकार जल्द ही बीच का रास्ता निकालकर प्रमोशन प्रक्रिया को शुरू करेगी। मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि जल्द ही सिर्फ घोषणा नहीं, बल्कि इसे लागू भी किया जाएगा।
एरियर की राशि पांच किस्तों में मिलेगी
मुख्यमंत्री ने बताया कि सभी सरकारी कर्मचारियों को 2024 से 3% और 1 जनवरी 2025 से 2% अतिरिक्त महंगाई भत्ते की किस्त दी जाएगी। एरियर की राशि का भुगतान पांच समान किस्तों में जून 2025 से अक्टूबर 2025 तक किया जाएगा। इससे कर्मचारियों का महंगाई भत्ता केंद्रीय कर्मचारियों के बराबर 55% हो गया है।
महंगाई भत्ते के पीछे की प्रक्रिया
सरकार कर्मचारियों और पेंशनधारकों के जीवन स्तर को बनाए रखने के लिए महंगाई भत्ता (DA) देती है। DA की दरें ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (AICPI) के आधार पर तय होती हैं, जो हर छह माह में अपडेट होती है।
अब तक कब-कब बढ़ा डीए
- 21 मार्च 2022: 11% वृद्धि (20% से 31%)
- 22 अगस्त 2022: 3% वृद्धि (31% से 34%)
- 27 जनवरी 2023: 4% वृद्धि (34% से 38%)
- 19 जुलाई 2023: 4% वृद्धि (38% से 42%)
- 14 मार्च 2024: 4% वृद्धि (42% से 46%)
- 28 अक्टूबर 2024: 4% वृद्धि (46% से 50%)
- 27 अप्रैल 2025: 5% वृद्धि (50% से 55%)
महंगाई से निपटने का जरिया है DA
DA के माध्यम से सरकार महंगाई बढ़ने के बावजूद कर्मचारियों और पेंशनधारकों के जीवन स्तर को संतुलित करती है। इसका निर्धारण खुदरा महंगाई दर यानी रिटेल प्राइस इंडेक्स के आधार पर किया जाता है, जिसे ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (CPI) भी कहते हैं।









