Re. No. MP-47–0010301

रीवा में बड़ा सड़क हादसा: बारातियों से भरी बस खाई में गिरी, 10 से अधिक घायल, 3 की हालत गंभीर

रीवा में बड़ा सड़क हादसा: बारातियों से भरी बस खाई में गिरी, 10 से अधिक घायल, 3 की हालत गंभीर

रीवा, 29 अप्रैल 2025 – मध्यप्रदेश के रीवा जिले में मंगलवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बंकुईया बाईपास के पास बारातियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में 10 से अधिक लोग घायल हो गए, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

70 बारातियों को लेकर जा रही थी बस

यह बस मनगवां थाना क्षेत्र के भदैया गांव से बारात लेकर शहडोल जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब 6 बजे जब बस बंकुईया बाईपास पर पहुंची, तो ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया, जिससे बस खाई में गिरते हुए कई बार पलटी खा गई। हादसे के समय बस में लगभग 70 बाराती सवार थे।

घायलों में कई की हालत नाजुक

हादसे में बिहारी लाल साकेत, बबली साकेत, लालमणि पटेल, अभिषेक यादव, शैलेन्द्र पटेल, रामराज पटेल, राजबली पटेल, मन्नालाल पटेल, पुरुषोत्तम साकेत, राजभान पटेल और ऋषभ पटेल घायल हुए हैं। इनमें से तीन को गंभीर हालत में संजय गांधी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया गया है, जबकि बाकी को प्राथमिक उपचार के बाद सामान्य वार्ड में रखा गया है।

स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता से बची कई जानें

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद चोरहटा थाना प्रभारी आशीष मिश्रा टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तुरंत एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया।

थाना प्रभारी ने बताया कि, “अब तक किसी की मौत की सूचना नहीं है। सभी घायलों का इलाज चल रहा है और स्थिति नियंत्रण में है।

जांच जारी, ड्राइवर की भूमिका की होगी पड़ताल

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ड्राइवर की लापरवाही या तकनीकी खराबी हादसे का कारण हो सकती है। जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Comment

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!