सीधी जिले में मौसम का बदला मिजाज: जिला मुख्यालय में आंधी-बारिश, वनांचल क्षेत्रों में ओलावृष्टि
सीधी, 29 अप्रैल 2025 — भीषण गर्मी से जूझ रहे सीधी जिले में मंगलवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। दोपहर के बाद जहां जिला मुख्यालय में तेज आंधी के साथ बारिश हुई, वहीं वनांचल क्षेत्र कुशमी के अंतर्गत आने वाले कई गांवों में ओलावृष्टि के साथ झमाझम बारिश दर्ज की गई।
कुशमी के गांवों में ओलों की बौछार
शाम 3 बजे से 5 बजे के बीच हुई इस बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत जरूर दी, लेकिन ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी। क्षेत्र के बस्तुआ, पोंडी, खैरी, कोटा, ददरी, लुरघटी, हरदी ताल, कूंदौर, आमगांव, बिडौरा जैसे गांवों में भारी ओलावृष्टि के साथ तेज बारिश हुई।
फसलों को नुकसान की आशंका
स्थानीय लोगों का कहना है कि ओले इतने बड़े थे कि खड़ी फसल और सब्जियों को के साथ खलिहानों में रखी फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। किसानों ने प्रशासन से सर्वे कराने की मांग की है ताकि नुकसान का आंकलन कर मुआवजा दिया जा सके।
जिला मुख्यालय में भी चला तेज अंधड़
सीधी जिला मुख्यालय में भी तेज आंधी के साथ बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को उमस से राहत मिली। हालांकि, तेज हवाओं के चलते कई जगह पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की सूचना भी सामने आई है।
प्रशासन ने मौसम के अचानक बदले रुख को देखते हुए सतर्कता बरतने की अपील की है।








