प्रधान आरक्षक पर गोली चलाने वाला आदर्श शर्मा 24 घंटे बाद भी फरार, IG ने ₹30,000 इनाम किया घोषित
सतना, 30 अप्रैल 2025 — सतना जिले के जैतवारा थाना परिसर में प्रधान आरक्षक प्रिंस गर्ग को गोली मारने की सनसनीखेज वारदात के 24 घंटे बाद भी मुख्य आरोपी आदर्श उर्फ अच्छ शर्मा फरार है। आरोपी की तलाश में पुलिस की 12 टीमें लगाई गई हैं, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिल सकी है। रीवा जोन के पुलिस महानिरीक्षक गौरव राजपूत ने आरोपी की गिरफ्तारी पर ₹30,000 का इनाम घोषित किया है।
घटना का विवरण
घटना 28-29 अप्रैल की रात की है, जब आदर्श शर्मा जैतवारा थाना परिसर स्थित पुलिस बैरक में घुसा और सो रहे प्रिंस गर्ग पर कट्टे से गोली चला दी। गोली सीने में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
इस घटना के बाद पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता ने कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी विजय सिंह को पुलिस लाइन अटैच कर दिया है।
गिरफ्तारी के लिए चल रही है व्यापक तलाश
- आरोपी की गिरफ्तारी के लिए मध्य प्रदेश ही नहीं, उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर तक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
- SP आशुतोष गुप्ता स्वयं टीमों की निगरानी कर रहे हैं और लगातार फील्ड में सक्रिय हैं।
पहले से दर्ज हैं आपराधिक प्रकरण
आरोपी आदर्श शर्मा कोई पहली बार अपराध में लिप्त नहीं हुआ है। उस पर पहले से ही चार आपराधिक मामले दर्ज हैं:
- कोलगवां थाने में 2 मारपीट के मामले
- कोटर थाने में 1 प्रकरण
- जैतवारा थाने में पेट्रोल पंप पर उपद्रव का केस
आरोपी का हुलिया व गतिविधियां
- नाम: आदर्श उर्फ अच्छ शर्मा
- उम्र: 20 वर्ष
- पता: ग्राम मेहूती, थाना कोटर, हाल निवासी संतोषी विहार कॉलोनी, सतना
- पहचान: कद 5 फीट 6 इंच, रंग गोरा, इकहरा बदन, काले और बढ़े हुए बाल, हल्की मूंछें
-
गतिविधि: आरोपी गांव में कम और शहर के संतोषी माता मंदिर क्षेत्र में ज्यादा देखा जाता था
इनाम और सूचना के लिए संपर्क करें
आरोपी की गिरफ्तारी में सहयोग देने वाले को ₹30,000 का इनाम दिया जाएगा। सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।
- कंट्रोल रूम सतना: 7049101049
- उप पुलिस अधीक्षक सतना: 9893852433
- थाना प्रभारी कोलगवां: 9754384900
- थाना प्रभारी जैतवारा: 7587622601
- CSP सतना: 9424347722
आपराधिक प्रवृत्ति वाले आदर्श शर्मा की गिरफ्तारी को लेकर जिला पुलिस पूरी ताकत झोंक चुकी है। प्रशासन आमजन से सहयोग की अपील कर रहा है ताकि आरोपी जल्द गिरफ्तार हो और कानून का भय बना रहे।








