Re. No. MP-47–0010301

रीवा में छठी मंजिल से कूदी युवती की पहचान, सीधी जिले की रहने वाली थी मृतका

रीवा में छठी मंजिल से कूदी युवती की पहचान, सीधी जिले की रहने वाली थी मृतका

रीवा, 30 अप्रैल 2025 – रीवा शहर में समदड़िया मल्टी की छठी मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या करने वाली युवती की पहचान आखिरकार 48 घंटे बाद हो गई है। पुलिस ने मोबाइल के आईएमईआई नंबर के जरिए जांच करते हुए मृतका के परिजनों तक पहुंच बनाई।

छत पर खड़ी मृतक युवती

मृतका की पहचान नीलू सिंह गौड़ (25) पत्नी राघवेंद्र सिंह, निवासी अहिरान पंचायत, भमरा टोला, थाना रामपुर नैकिन, जिला सीधी के रूप में हुई है।

मायके जाने के बहाने निकली थी घर से

छत से कूदने के बाद सड़क पर युवती

मृतका की सास सुकवरिया बाई ने पुलिस को बताया कि नीलू एकादशी से तीन दिन पहले घर से यह कहकर निकली थी कि वह मायके में किसी के अंतिम संस्कार में जा रही है, लेकिन इसके बाद उसका कोई संपर्क नहीं हो सका। परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज नहीं कराई थी

कैसे हुई पहचान

पुलिस ने जब शव की शिनाख्त में देरी देखी तो साइबर सेल की मदद ली। मोबाइल की आईएमईआई ट्रैकिंग से रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र के एक मोबाइल नंबर से कनेक्शन मिला। इसके बाद संपर्क कर परिजनों को बुलवाया गया, जिन्होंने शव की पहचान की।

दो साल पहले हुई थी शादी

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक लाल ने बताया कि आत्महत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। मृतका की दो साल पहले शादी हुई थी और उसकी कोई संतान नहीं थी। उसका पति राघवेंद्र सिंह वर्तमान में मनेंद्रगढ़ (छत्तीसगढ़) में जेसीबी चालक के तौर पर कार्यरत है।

CCTV में कैद हुई घटना

एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में युवती को मल्टी से नीचे गिरते हुए देखा गया। आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। समान थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को संजय गांधी अस्पताल भिजवाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव को सुरक्षित रखा गया था।


पुलिस इस मामले को आत्महत्या के रूप में जांच रही है, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की पूछताछ जारी है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!