सीधी:प्रभारी मंत्री ने किया मड़वास व सेमरिया थानों तथा तहसील कार्यालय का लोकार्पण
कहा – “संवेदनशीलता और न्याय ही प्रशासन की पहचान”

सीधी | 2 मई 2025
जिले में कानून व्यवस्था और प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए प्रदेश के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं सीधी जिले के प्रभारी मंत्री श्री दिलीप जायसवाल ने आज थाना मड़वास एवं सेमरिया का लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने 124 लाख रुपये की लागत से बने नवनिर्मित तहसील कार्यालय मड़वास का भी उद्घाटन किया।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने कहा, “थानों का उन्नयन और चौकियों का थाना स्तर पर परिवर्तन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने का सार्थक प्रयास है।” उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे पीड़ितों के साथ संवेदनशीलता से पेश आएं और त्वरित कार्रवाई करते हुए न्याय सुनिश्चित करें।
लोगों की पहुंच अब पुलिस और प्रशासन तक होगी सहज

प्रभारी मंत्री ने कहा कि नए थानों के माध्यम से न सिर्फ अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव होगा, बल्कि आम नागरिकों को अब पुलिस तक पहुंचने में सहूलियत मिलेगी। थाना मड़वास में 102 गांव (पथरौला चौकी के 36 गांव सहित) तथा थाना सेमरिया में 43 गांव (बम्हनी चौकी के 14 गांव सहित) शामिल किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक डॉ. रविंद्र वर्मा ने आश्वस्त किया कि इन थानों के उन्नयन से कानून व्यवस्था और निगरानी में उल्लेखनीय सुधार होगा, जिससे क्षेत्र में शांति और सुरक्षा को बढ़ावा मिलेगा।
तहसील कार्यालय का लोकार्पण: किसानों को मिली नई सौगात

तहसील कार्यालय मड़वास का लोकार्पण करते हुए मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि “किसानों की समृद्धि ही प्रदेश की समृद्धि है।” उन्होंने बताया कि राज्य सरकार किसानों को शून्य ब्याज पर ऋण, नामांतरण-बंटवारा जैसे राजस्व मामलों में तेजी से समाधान, और सोलर पंप पर 90-95% तक की सब्सिडी प्रदान कर रही है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व न्यायालयों में लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा किया जाए और किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान सुनिश्चित किया जाए।
विशेष अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, विधायक श्री कुंवर सिंह टेकाम, श्रीमती रीती पाठक, श्री विश्वामित्र पाठक, पूर्व विधायक श्री शरदेन्दु तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम संचालन मड़वास में एसडीओपी सुश्री रोशनी सिंह और सेमरिया में श्री आशुतोष द्विवेदी द्वारा किया गया।









