Re. No. MP-47–0010301

14-15 मई को सीधी जिले में वृहद रक्तदान शिविर का आयोजन

14-15 मई को सीधी जिले में वृहद रक्तदान शिविर का आयोजन, जिला प्रशासन ने की नागरिकों से सहभागिता की अपील

सीधी, 11 मई 2025
देश में उत्पन्न अप्रत्याशित परिस्थितियों को देखते हुए सीधी जिला प्रशासन द्वारा 14 और 15 मई को वृहद जिला स्तरीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर जिला मुख्यालय सहित सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में आयोजित होंगे। शिविर के सफल आयोजन हेतु जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियाँ शुरू कर दी हैं।

अपर कलेक्टर ने जानकारी दी कि दो दिवसीय रक्तदान अभियान में जिले के सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया गया है कि वे स्वयं और अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अधिकतम संख्या में रक्तदान कराना सुनिश्चित करें।

जिला मुख्यालय में होंगे प्रमुख शिविर स्थल

जिला स्तर पर रक्तदान शिविर अटल ऑडिटोरियम सीधी, जिला चिकित्सालय सीधी और जिला आयुर्वेद अस्पताल सीधी में आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक विभाग अपने-अपने कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित करेगा, जिसमें नोडल अधिकारी की नियुक्ति की जाएगी। कंट्रोल रूम के माध्यम से प्रतिदिन के ब्लड डोनेट की जानकारी संकलित की जाएगी और कर्मचारियों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया जाएगा।

विकासखंड स्तर पर उपखण्ड अधिकारी करेंगे निगरानी

विकासखंड स्तर पर रक्तदान शिविरों का आयोजन उपखंड अधिकारी (राजस्व) की अध्यक्षता में होगा, जबकि जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहायक नोडल अधिकारी रहेंगे। सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक रक्तदाताओं की सहभागिता सुनिश्चित करेंगे।

व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी तय

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को रक्तदान शिविर की समस्त व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शिविर स्थलों पर रक्तदाताओं के लिए पेयजल, चाय और नाश्ते की समुचित व्यवस्था की जाएगी। साथ ही, सिविल सर्जन, अस्पताल अधीक्षक और जिला आयुर्वेद अधिकारी को ब्लड डोनेशन के लिए आवश्यक सामग्री एवं मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

नागरिकों और जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपील

जिला प्रशासन ने राजनीतिक जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवी संगठनों से अपील की है कि वे शिविर स्थलों पर पहुंचकर स्वयं रक्तदान करें और अपने सहयोगियों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करें। प्रशासन का मानना है कि ऐसी विषम परिस्थितियों में जिले की सहभागिता एक मिसाल बन सकती है।


रक्तदान महादान है — एक यूनिट रक्त कई जिंदगियों को बचा सकता है। प्रशासन द्वारा किया जा रहा यह आयोजन न केवल स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त करेगा, बल्कि सामाजिक एकजुटता का भी प्रतीक बनेगा।

Leave a Comment

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!