भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार बस पलटी, 20 यात्री घायल, 4 रीवा रेफ
ग्रामीणों ने किया रेस्क्यू, कलेक्टर-एसपी ने पहुंचकर जाना घायलों का हाल
सतना, 14 मई 2025 — सतना जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत हटिया गांव के पास बुधवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हुआ। नंदिनी ट्रेवल्स की एक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में करीब 20 यात्री घायल हो गए, जिनमें 10 की हालत गंभीर बताई जा रही है।

बस जैतवारा की ओर जा रही थी, तभी मोड़ पर चालक का नियंत्रण बिगड़ने से वह सड़क किनारे पलट गई। बस में करीब 50 यात्री सवार थे।
ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा
दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कई यात्रियों को बस की खिड़कियों और पीछे के हिस्से से बाहर निकाला गया।
सूचना मिलने पर सिविल लाइन और जैतवारा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। एम्बुलेंस और निजी वाहनों की मदद से घायलों को सतना जिला अस्पताल भेजा गया, जहाँ पहले से ही तहसीलदार और पुलिस टीम मौजूद थी।
गंभीर घायलों को किया गया रीवा रेफर
अस्पताल में इलाज जारी है। 10 यात्रियों की हालत गंभीर बताई गई है, जिनमें से 4 को बेहतर इलाज के लिए रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
घायल यात्रियों में प्रमुख रूप से मुन्नी वर्मा, सुकन्या दहिया, प्रेमलाल दहिया, शालू दहिया, रामसी दोहर, रामकृपाल सिंह, शशि सेन, करुण सेन और चंद्रशेखर कुशवाहा शामिल हैं।
प्रशासन सतर्क, जांच शुरू
कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस और एसपी आशुतोष गुप्ता ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और डॉक्टरों से बात की। कलेक्टर ने बताया कि सभी घायलों का इलाज अस्पताल में ही चल रहा है, कोई नया रेफरल केस नहीं है।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही को माना गया है। प्रशासन ने बस ड्राइवर का लाइसेंस और बस की फिटनेस रद्द करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।

पुलिस द्वारा घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने सभी यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कड़े कदम उठाने का आश्वासन दिया है।








