सीएम ने सीधी में लाड़ली बहनों को दी 1551.89 करोड़ रुपये की सौगात, 112.86 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन
सीधी, 15 मई – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को सीधी में आयोजित विशाल आमसभा में लाड़ली बहना योजना की 24वीं किस्त के रूप में प्रदेश की 1 करोड़ 27 लाख बहनों के खातों में सिंगल क्लिक से 1551.89 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि लाड़ली बहना योजना हमारी बहनों को हर माह रक्षाबंधन जैसा सुख देती है। नारी सम्मान हमारी संस्कृति की पहचान है और इस परंपरा को हम मजबूती से आगे बढ़ा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सीधी विधानसभा क्षेत्र के लिए 112.86 करोड़ रुपये के 84 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसके साथ ही सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत 56 लाख 83 हजार हितग्राहियों को 341 करोड़ रुपये तथा 26 लाख बहनों को गैस रिफिल अनुदान के रूप में 30.83 करोड़ रुपये की राशि भी सिंगल क्लिक से जारी की।


मुख्यमंत्री ने पुष्प वर्षा कर लाड़ली बहनों का सम्मान किया और कहा कि प्रदेश में अब तक इस योजना के अंतर्गत 28 हजार करोड़ रुपये की राशि वितरित की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि “हमारे देश में धरती को माता कहा जाता है, देवी-देवताओं का नाम भी नारी शक्ति से जुड़ा है। हमारी सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कृतसंकल्प है।”
डॉ. यादव ने बताया कि किसानों से 2600 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूं खरीदा गया है और किसान सम्मान निधि से भी उन्हें लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2003 में प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय 11,200 रुपये थी, जो अब बढ़कर 1 लाख 52 हजार रुपये हो गई है।
ऑपरेशन सिन्दूर से गूंजा राष्ट्रगौरव
मुख्यमंत्री ने हाल ही में सफल ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ का उल्लेख करते हुए कहा कि “प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सेना ने चार दिनों में ही पाकिस्तान की कमर तोड़ दी। कश्मीर में निर्दोष पर्यटकों की हत्या का बदला हमारे वीर सैनिकों ने लिया। जो हमें छेड़ता है, हम उसे छोड़ते नहीं हैं।”
उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिन्दूर की सफलता में थलसेना अध्यक्ष और जलसेना अध्यक्ष — दोनों ही विन्ध्य क्षेत्र के सपूत हैं, जिन्होंने पूरे देश का मान बढ़ाया है। प्रदेशभर में इस सफलता को तिरंगा यात्रा के माध्यम से सम्मानित किया जा रहा है।
सीधी को मिलेगी विकास की नई दिशा
समारोह में सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि डॉ. यादव का विंध्य से विशेष लगाव है और उनके नेतृत्व में लोकसभा की सभी सीटों पर विजय प्राप्त हुई। विधायक श्रीमती रीती पाठक ने मुख्यमंत्री से जिला अस्पताल को 1000 बेड का बनाने, डॉक्टरों की पदस्थापना, इंजीनियरिंग और एग्रीकल्चर कॉलेज खोलने, सीवरेज लाइन, रिंग रोड, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सेमरिया को नगर परिषद बनाने और गोपालदास बाँध रेस्टहाउस को रिसॉर्ट के रूप में विकसित करने की मांग रखी।
मुख्यमंत्री के स्वागत में पारंपरिक आदिवासी शैला एवं कर्मा लोकनृत्य की प्रस्तुति दी गई। उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन किया, स्वयं लड्डू खरीदकर खाए और कन्या पूजन कर बेटियों का सम्मान भी किया। साथ ही बोर्ड परीक्षा की मेरिट सूची में स्थान बनाने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
उपस्थित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी

समारोह में प्रदेश के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं सीधी जिले के प्रभारी मंत्री श्री दिलीप जायसवाल, विधायक श्री विश्वामित्र पाठक (सिहावल), श्री दिव्यराज सिंह (सिरमौर), जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती काजल वर्मा, पूर्व विधायक श्री शरदेन्दु तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री देव कुमार सिंह चौहान सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं हजारों की संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
प्रशासनिक स्तर पर रीवा संभाग के कमिश्नर श्री बी.एस. जामोद, आईजी श्री गौरव राजपूत, कलेक्टर श्री स्वरचित सोमवंशी, पुलिस अधीक्षक डॉ. रविंद्र वर्मा सहित अनेक अधिकारी कार्यक्रम में मौजूद रहे।








