मऊगंज: 75 वर्षीय बुजुर्ग 25 फीट गहरी कुइया में गिरे, 10 घंटे बाद सुरक्षित बाहर निकाले गए
मऊगंज। जिले के शाहपुर थाना अंतर्गत खटखरी गांव में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा उस समय टल गया जब 75 वर्षीय बुजुर्ग रामगोपाल कुशवाहा 25 फीट गहरी सूखी कुइया में गिर गए। करीब 10 घंटे से अधिक समय तक कुइया में फंसे रहने के बाद प्रशासन और एसडीईआरएफ की सूझबूझ से उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। रेस्क्यू ऑपरेशन लगभग 6 घंटे तक चला।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग सुबह 11 बजे घर से निकले थे। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की और दोपहर में पता चला कि वे गांव में स्थित एक संकरी सूखी कुइया में गिर गए हैं। परिजनों और ग्रामीणों ने पहले खुद उन्हें बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हुए। तत्पश्चात पुलिस, प्रशासन और एसडीईआरएफ की टीम को सूचना दी गई।
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान कलेक्टर संजय कुमार जैन, एसपी दिलीप कुमार सोनी, एएसपी विक्रम सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
रेस्क्यू की चुनौतियाँ और समाधान:
कुइया की चौड़ाई बेहद कम होने के कारण शुरू में बचावकर्मी अंदर नहीं जा पाए। इसके बाद जेसीबी की मदद से समानांतर गड्ढा खोदने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद कलेक्टर के निर्देश पर गैस की जांच की गई तो कुइया में मीथेन गैस होने की पुष्टि हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कुइया में ऑक्सीजन डाली गई। जब अंदर का वातावरण सुरक्षित हुआ तो रस्सी के सहारे एसडीईआरएफ के जवान नीचे उतरे और बुजुर्ग को बाहर निकाला।
बुजुर्ग को तुरंत हनुमना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर प्राथमिक उपचार दिया गया। ग्रामीणों और परिजनों ने राहत की सांस ली। घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने प्रशासन और रेस्क्यू टीम की तत्परता की सराहना की।








