राष्ट्रीय डेंगू दिवस पर कुसमी में जागरूकता रैली व विशेष अभियान, घर-घर पहुंचा स्वास्थ्य संदेश
अमित श्रीवास्तव, कुसमी।
डेंगू जैसी जानलेवा मौसमी बीमारी के खिलाफ जनजागरूकता ही सबसे प्रभावी हथियार है। इसी उद्देश्य को लेकर 16 मई को राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अवसर पर डॉ. सुप्रिया सिंह एवं सृष्टि कुशवाहा के मार्गदर्शन में मलेरिया टेक्निकल सुपरवाइजर सुभाष सोनी के नेतृत्व में जागरूकता रैली निकाली गई।

अभियान के दौरान मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय प्रजापति के निर्देश पर ब्लॉक स्तर पर सीएचओ, एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं ने “चौकन्ने थीम” के अंतर्गत गांव-गांव, घर-घर जाकर डेंगू और चिकनगुनिया से बचाव के उपाय बताए। ग्रामीणों से आग्रह किया गया कि वे अपने घर और आसपास के क्षेत्रों में जलभराव न होने दें, खुले बर्तन, पुराने टायर, कूलर व पानी की टंकियों की नियमित सफाई करें और मच्छरों के प्रजनन को रोकें।
स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने विभिन्न मोहल्लों और बस्तियों में भ्रमण कर लोगों को जागरूक किया। कुसमी के इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग के अनेक अधिकारी-कर्मचारी सक्रिय रूप से सम्मिलित रहे। इनमें शिवगंगा नामदेव, सरला पटेल, आर. के. दाहिया, शिव प्रताप सिंह, पुष्पेंद्र पटेल, गोल सिंह मरावी, विनय पांडेय, धर्मेंद्र साकेत, उत्तम साकेत, अंकित सिंह सहित पूरा स्टाफ मौजूद रहा।
यह जागरूकता अभियान केवल एक दिन की पहल नहीं, बल्कि समुदाय को सक्रिय भागीदारी के साथ स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति सजग बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। स्थानीय लोगों ने भी अभियान की सराहना करते हुए सहयोग का आश्वासन दिया।








