Re. No. MP-47–0010301

जल संरक्षण और पंचायत सशक्तिकरण की दिशा में सीधी में बड़ा आयोजन, जल-गंगा अभियान के साथ पंच-सरपंच सम्मेलन सम्पन्न

जल संरक्षण और पंचायत सशक्तिकरण की दिशा में सीधी में बड़ा आयोजन, जल-गंगा अभियान के साथ पंच-सरपंच सम्मेलन सम्पन्न

सीधी, 17 मई 2025।
मध्य प्रदेश में जल संरक्षण और ग्रामीण विकास को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाते हुए जल गंगा संवर्धन अभियान और पंच-सरपंच सम्मेलन का आयोजन सीधी जिले में भव्य रूप से किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने पंचायतों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के सरकार के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि ग्राम पंचायतों को अपने विकास की योजना स्वयं बनानी चाहिए, सरकार उनके साथ खड़ी है।

मंत्री श्री पटेल ने बताया कि पंचायतों को राज्य वित्त, 15वें वित्त आयोग तथा अन्य स्त्रोतों से पर्याप्त धनराशि उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने सरपंचों को 25 लाख रुपये तक के वित्तीय अधिकार दिए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि अधोसंरचना विकास के लिए पंचायत भवनों का निर्माण क्लस्टर स्तरीय पंचायतों में 45.50 लाख एवं अन्य में 37.50 लाख की लागत से कराया जा रहा है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहें।

कार्यक्रम में जल गंगा संवर्धन अभियान को लेकर मंत्री श्री पटेल ने विशेष रूप से कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में यह अभियान प्रदेशभर में चल रहा है और इसमें ग्राम पंचायतों की अहम भूमिका है। उन्होंने जल संरक्षण को भावी पीढ़ी की धरोहर बताया और कहा कि बड़ी नदियों का अस्तित्व छोटी नदियों से है, अतः उनके उद्गम स्थलों का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है।

इस क्रम में मंत्री श्री पटेल ने जिले की हिरन, बिसैंधा, सूखा और तेंदुन नदियों के उद्गम स्थलों पर जाकर पूजा-अर्चना कर जल संरक्षण का संकल्प लिया। उन्होंने अब तक 58 से अधिक नदियों के उद्गम स्थलों पर जाकर अभियान चलाने की जानकारी दी और कहा कि यह कार्य धैर्य, संयम और निरंतरता मांगता है।

राज्य मंत्री श्रीमती राधा सिंह ने भी जल संरक्षण की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि यह अभियान हर नागरिक के जीवन से जुड़ा है और इसमें जनसहभागिता आवश्यक है। सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने जल को जीवन का आधार बताते हुए कहा कि यह पहल अनुकरणीय है, वहीं विधायक रीती पाठक ने सभी से इस मुहिम में सहभागी बनने की अपील की।

इस अवसर पर स्वसहायता समूहों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसे पंचायत मंत्री ने सराहना के साथ अवलोकित किया। कार्यक्रम में विधायक कुंवर सिंह टेकाम, विधायक विश्वामित्र पाठक, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह, जनपद सदस्यगण, पंच-सरपंच और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

अधिकारियों में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अंशुमन राज, उपखण्ड अधिकारी गोपद बनास नीलेश शर्मा, एएसपी अरविंद श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।

Advertisement

Leave a Comment

error: Content is protected !!