Re. No. MP-47–0010301

चुरहट में एंबुलेंस और कार की टक्कर, दो युवक गंभीर रूप से घायल

चुरहट में एंबुलेंस और कार की टक्कर, दो युवक गंभीर रूप से घायल

सीधी, 18 मई 2025।
जिले के चुरहट थाना क्षेत्र अंतर्गत शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक कार और एंबुलेंस के बीच हुई जोरदार टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा चुरहट बाईपास पर शाम लगभग 5 बजे हुआ। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में संजय गांधी अस्पताल, रीवा रेफर किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार सवार दोनों युवक अपने साले की शादी में शामिल होने रामपुर नैकिन की ओर जा रहे थे। तभी कनकटी और खैरा गांव के रहने वाले इन युवकों की कार को सामने से आ रही एक एंबुलेंस ने टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एंबुलेंस चालक ने रॉन्ग साइड से मोड़ लेते हुए लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाया, जिससे यह हादसा हुआ।

टक्कर इतनी तेज थी कि कार के दोनों एयरबैग खुल गए, बावजूद इसके युवकों को सिर में गंभीर चोटें आईं। एक घायल युवक की पहचान सौरभ सिंह बघेल के रूप में हुई है। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने सक्रियता दिखाते हुए 108 सेवा की मदद से घायलों को दूसरी एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया।

हादसे के बाद एंबुलेंस चालक मौके से फरार हो गया। चुरहट थाना प्रभारी सी. बृजेन्द्र सिंह ने बताया कि दोनों वाहनों को जब्त कर थाने लाया गया है और एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के चलते कुछ समय के लिए इलाके में जाम की स्थिति बन गई थी, जिसे पुलिस ने शीघ्र नियंत्रण में ले लिया।

पुलिस अब फरार एंबुलेंस चालक की तलाश में जुटी है, वहीं घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!