Re. No. MP-47–0010301

सीमा विवाद में फंसी पानी टंकी: किसानों की सुनवाई के बाद अब होगा निर्माण

सीमा विवाद में फंसी पानी टंकी: किसानों की सुनवाई के बाद अब होगा निर्माण
विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने लिया संज्ञान, तहसीलदार को दिए निर्देश

सीधी, 27 मई।
गुलाब सागर ग्रामीण समूह जलप्रदाय योजना के तहत भगवार गांव में निर्माणाधीन पानी टंकी को लेकर उपजा सीमा विवाद अब शांत होता दिख रहा है। किसानों की आपत्ति और विरोध के बाद निर्माण कार्य फिलहाल रोक दिया गया है, और अब यह भूमि के सीमांकन के बाद ही आगे बढ़ेगा। मामले में विधायक कुंवर सिंह टेकाम के हस्तक्षेप के बाद किसानों को राहत मिली है।

क्या है मामला
पानी टंकी के लिए चुनी गई जमीन गांव के सीमा क्षेत्र में पड़ती है, जहां आसपास के किसानों की भूमि भी स्थित है। बिना स्पष्ट सीमांकन के जब निर्माण कार्य शुरू किया गया तो किसानों ने तहसील कार्यालय में आवेदन देकर अपनी भूमि की माप की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले की नाप में प्रस्तावित स्थल को किसानों की निजी भूमि बताया गया था।

प्रशासनिक मतभेद भी सामने आए
जानकारी के अनुसार, पटवारी द्वारा पहले पानी टंकी के लिए पहाड़ी के पश्चिमी छोर को उपयुक्त माना गया था, लेकिन जल योजना के इंजीनियरों ने ऊंचाई का तर्क देते हुए स्थान बदल दिया और ऊपरी हिस्से में निर्माण शुरू करा दिया। इससे किसानों में आक्रोश फैल गया।

विधायक ने लिया संज्ञान
किसानों की शिकायत पर विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने तुरंत तहसीलदार एकता शुक्ला को निर्देशित किया कि किसानों की जमीन का सीमांकन पारदर्शिता से किया जाए और उन्हें संतुष्ट करने के बाद ही निर्माण शुरू किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि गांववासियों की भूमि से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और न्याय सर्वोपरि है।

स्थानीय समाधान की उम्मीद
वर्तमान में सीमांकन की प्रक्रिया की तैयारी चल रही है और प्रशासन ने निर्माण कार्य को तब तक रोक दिया है जब तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो जाती। किसानों ने विधायक के हस्तक्षेप का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि अब बिना किसी विवाद के परियोजना आगे बढ़ सकेगी।

Advertisement

Leave a Comment

error: Content is protected !!