Re. No. MP-47–0010301

सीधी में भीषण सड़क हादसा: दो ट्रक और एक ऑटो की भिड़ंत, चालक की मौत, एक घायल

सीधी में भीषण सड़क हादसा: दो ट्रक और एक ऑटो की भिड़ंत, चालक की मौत, एक घायल

सीधी,31 मई। सीधी जिले के जमोड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-39 बायपास पर शनिवार सुबह करीब 8 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। एक मिनी ट्रक, एक बड़ा ट्रक और एक ऑटो की भिड़ंत में मिनी ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ट्रक पलट गए और ऑटो पूरी तरह से उनके बीच में फंस गया। मिनी ट्रक सड़क किनारे जाकर पलटा। हादसे की सूचना पर जमोड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया।

ऑटो में फंसे घायल चालक को निकाला गया

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने ट्रक के नीचे दबे ऑटो में फंसे चालक को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल चालक को इलाज के लिए तत्काल अस्पताल भेजा गया है। वहीं, मृत मिनी ट्रक चालक का शव अब भी वाहन की स्टेयरिंग में फंसा हुआ है, जिसे निकालने का कार्य जारी है।

हादसे का कारण बना तीसरा ट्रक, चालक फरार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे की वजह बने तीसरे ट्रक का चालक टक्कर के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। जमोड़ी थाना प्रभारी दिव्यप्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि मृतक और घायल की शिनाख्त की जा रही है, साथ ही घटना की विस्तृत जांच की जा रही है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!