सीधी में सर्राफा व्यापारियों का बड़ा फैसला: हर रविवार को बंद रहेंगी दुकानें
सीधी। सर्राफा व्यापारियों ने अब सप्ताह में एक दिन व्यापार से विराम लेकर परिवार के साथ समय बिताने का निर्णय लिया है। सीधी सर्राफा मंडल द्वारा आयोजित एक बैठक में सर्वसम्मति से यह फैसला लिया गया कि सीधी शहर और उसके 20 किलोमीटर के दायरे में स्थित सभी सर्राफा प्रतिष्ठान प्रत्येक रविवार को पूर्ण रूप से बंद रहेंगी।
इस निर्णय के संबंध में स्वर्णकार समाज के जिला अध्यक्ष हल्के सोनी ने कहा, “सभी व्यापारी बंधुओं से अपील है कि इस सामूहिक निर्णय में सहयोग करें और हर रविवार को अपनी दुकानें बंद रखें। यदि सभी व्यापारी एकमत होकर प्रतिष्ठान बंद रखते हैं तो किसी को भी आर्थिक नुकसान नहीं होगा, बल्कि सभी को अपने परिवार के साथ समय बिताने का अवसर मिलेगा।”
यह निर्णय न केवल व्यापारिक समुदाय की एकता का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक और पारिवारिक संतुलन बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल भी मानी जा रही है। सर्राफा मंडल की इस पहल को स्थानीय व्यापारियों का भरपूर समर्थन मिल रहा है।
इस निर्णय के लागू होने से हर रविवार सर्राफा बाजार बंद रहेगा, जिससे ग्राहक भी पहले से इसकी जानकारी रख सकें और अपनी खरीदारी की योजना उसी अनुसार बना सकें।








