सीधी में रेत का अवैध उत्खनन: एक हाइड्रोलिक एक्सकैवेटर जब्त, सहकार ग्लोबल लिमिटेड के खिलाफ मामला दर्ज
सीधी, 5 जून 2025
जिले के बहरी तहसील अंतर्गत ग्राम डोल में बीती रात रेत के अवैध उत्खनन का बड़ा मामला सामने आया है। कलेक्टर श्री स्वरोचिष सोमवंशी के निर्देशानुसार गठित खनिज एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने गोपद नदी क्षेत्र में छापेमारी करते हुए एक हाइड्रोलिक एक्सकैवेटर जब्त किया है।
प्रभारी खनिज अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 04 जून 2025 को ग्राम डोल के खसरा नंबर 249 में टाटा हिताची की एक पोकलेन मशीन (मॉडल EX200LC SUPER+, सीरियल नंबर SP20-57760) द्वारा अवैध रेत खनन करते हुए पाया गया। मौके की पैमाइश के दौरान लगभग 6400 घन मीटर रेत का अवैध उत्खनन दर्ज किया गया।
मशीन को तत्काल जब्त कर थाना बहरी परिसर में सुरक्षा हेतु खड़ा कराया गया है। कार्रवाई मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम 2022 के अंतर्गत की गई है।
मुंबई की कंपनी के खिलाफ कार्रवाई
घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों के बयान के आधार पर यह जानकारी सामने आई है कि अवैध उत्खनन मेसर्स सहकार ग्लोबल लिमिटेड, मुंबई नामक कंपनी द्वारा किया जा रहा था। कंपनी के विरुद्ध अवैध उत्खनन का प्रकरण पंजीबद्ध कर आगे की जांच प्रारंभ कर दी गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन गतिविधियों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।








