Re. No. MP-47–0010301

ग्राम डैनिहा के बेदखल परिवारों को राहत: प्रशासन ने तत्परता से जारी किए पट्टे

ग्राम डैनिहा के बेदखल परिवारों को राहत: प्रशासन ने तत्परता से जारी किए पट्टे, दी आर्थिक सहायता

सीधी, 5 जून 2025
जिले के ग्राम डैनिहा में हाल ही में सिविल न्यायालय के आदेश के बाद बेदखल हुए परिवारों को जिला प्रशासन द्वारा तत्काल राहत और पुनर्वास की दिशा में गंभीर और संवेदनशील पहल की गई है। कलेक्टर श्री स्वरोचिष सोमवंशी के निर्देशन में इन परिवारों को आश्रय, आर्थिक सहायता और भू-अधिकार सुनिश्चित किए गए हैं।

निःशुल्क आश्रय और भोजन की व्यवस्था

बेदखली के तत्काल बाद 28 मई को सभी प्रभावित परिवारों को नगरपालिका सीधी के आश्रय स्थल में निःशुल्क रहने और खाने की समुचित व्यवस्था दी गई। वर्तमान में ये सभी परिवार वहीं निवासरत हैं।

13 परिवारों को मिले पट्टे, 5 अन्य को भी लाभ

सिविल न्यायालय के दिनांक 26.04.2025 और 15.05.2025 के आदेश के अनुपालन में मूलतः 6 परिवारों (व्यस्क विवाहित पुत्रों सहित कुल 13) को “म.प्र. नगरीय क्षेत्रों के भूमिहीन व्यक्ति पट्टाधिकार अधिनियम 1984” के अंतर्गत सीधी खुर्द वार्ड नंबर 24 की शासकीय भूमि (खसरा नंबर 148, 149, 150) पर पट्टे प्रदान किए गए हैं।

इसके अलावा, ग्राम डैनिहा में अन्य भूमिस्वामियों की निजी भूमि पर रह रहे 5 अन्य पात्र परिवारों को भी पट्टे जारी किए गए हैं।

आवास और खाद्य सुरक्षा का भी ध्यान

इन परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत आवास स्वीकृति की प्रक्रिया भी प्रारंभ की जा चुकी है।
इसके साथ ही, 13 बेघर परिवारों को ₹10,000 प्रति परिवार (कुल ₹1.30 लाख) और अन्य 5 परिवारों को ₹50,000 की कुल ₹1.80 लाख की आर्थिक सहायता जनभागीदारी से दी गई है।

प्रत्येक परिवार को खाद्य सुरक्षा के तहत गेहूं और चावल भी वितरित किया गया है।


प्रशासन की तत्परता से राहत, बेघर परिवारों को मिला नया सहारा

इस कार्यवाही से प्रशासन ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि आमजन की समस्याओं के प्रति शासन संवेदनशील है और त्वरित समाधान हेतु कटिबद्ध है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!