Re. No. MP-47–0010301

देर रात दु:खद हादसा,हाई वोल्टेज की चपेट में आकर जला डंपर, चालक की मौत 

 देर रात दु:खद हादसा,हाई वोल्टेज की चपेट में आकर जला डंपर, चालक की मौत 

सतना | Sidhi 24 न्यूज़
जिले की बिरसिंहपुर तहसील के रिमारी गांव में मंगलवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। मिट्टी गिरा रहा एक डंपर 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन की चपेट में आ गया, जिससे उसमें आग लग गई और चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसा गांव के पास स्थित एक ईंट भट्ठे पर हुआ। चेतराम प्रजापति नामक चालक रात के समय डंपर से मिट्टी खाली कर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अंधेरे में उसे ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइन नजर नहीं आई। जब डंपर का ऊपरी हिस्सा उठाया गया तो वह सीधे बिजली लाइन से टकरा गया। टकराव के साथ ही तेज चिंगारी निकली और देखते ही देखते डंपर में आग लग गई।

हाई वोल्टेज करंट लगते ही चेतराम डंपर से नीचे गिर पड़ा। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण दौड़कर पहुंचे और पुलिस, फायर ब्रिगेड व बिजली विभाग को सूचना दी, लेकिन करीब आधे घंटे तक कोई मदद नहीं पहुंची।

डंपर सतना के बिहरा निवासी रामराज का बताया जा रहा है। ग्रामीणों ने मिलकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक डंपर पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था।

बिजली कंपनी के जेई सुनील मिश्रा और पुलिस की टीम रात करीब 12 बजे मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि ईंट के भट्टे के लिए मिट्टी गिराई जा रही थी, इसी दौरान यह दुर्घटना घटित हुई।

प्रशासनिक लापरवाही और सुरक्षा उपायों की कमी को लेकर ग्रामीणों में रोष है। वे इस बात से नाराज़ हैं कि सूचना देने के बावजूद रेस्क्यू टीम देर से पहुंची, जिससे बड़ा नुकसान हो गया।


Advertisement

Leave a Comment

error: Content is protected !!