Re. No. MP-47–0010301

“बाणसागर जलाशय से बिहार को भेजा जा रहा पानी, सीधी-सिंगरौली समेत कई जिलों में सूखे की आशंका!”

“बाणसागर जलाशय से बिहार को भेजा जा रहा पानी, सीधी-सिंगरौली समेत कई जिलों में सूखे की आशंका!”

देवलोद/बाणसागर | 16 जून 2025

एक तरफ मध्यप्रदेश के कई जिलों — सीधी, सिंगरौली, रीवा, शहडोल, उमरिया, सतना और कटनी — भीषण गर्मी और जलसंकट की चपेट में हैं, वहीं दूसरी ओर बाणसागर जलाशय से बिहार को 5000 एकड़ फीट (करीब 22 करोड़ लीटर) पानी भेजा जा रहा है। यह खुलासा एक आधिकारिक पत्र से हुआ है, जिसे बाणसागर परियोजना कार्यालय द्वारा जारी किया गया है।

पत्र क्रमांक 2046/151 वि./2025 दिनांक 16/06/2025 के अनुसार, यह पानी बिहार सरकार की मांग पर बाणसागर जलाशय से 17 जून 2025 को सुबह 10 बजे से छोड़ा जाएगा। यह पानी पावर हाउस नंबर 3, देवलोद के माध्यम से छोड़ा जाएगा।

खास बात यह है कि जब मध्यप्रदेश के इन जिलों में पानी के संकट को लेकर ग्रामीण परेशान हैं और पेयजल की व्यवस्था तक मुश्किल हो रही है, उस समय दूसरे राज्य को इतनी भारी मात्रा में पानी देना कई सवाल खड़े करता है।

पत्र में यह भी उल्लेख है कि पानी छोड़ने के दौरान सोन नदी के किनारे निवासरत लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

इस पत्र के वायरल होते ही लोगों में नाराजगी फैल गई है। “पोल खोल” शीर्षक के साथ यह पत्र अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग पूछ रहे हैं कि “क्या अपने राज्य के लोगों को प्यासा रखकर दूसरे राज्य को पानी देना न्यायसंगत है?”

प्रशासन की ओर से अब तक इस मामले पर कोई स्पष्टीकरण नहीं आया है। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की भी चुप्पी कई सवालों को जन्म दे रही है।


Advertisement

Leave a Comment

error: Content is protected !!