मध्यप्रदेश में आंगनबाड़ी भर्ती प्रक्रिया में क्रांतिकारी बदलाव: अब डिजिटल और पारदर्शी तरीके से होगी नियुक्ति
???? भोपाल
महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने राज्य की महिला सशक्तिकरण दिशा में एक ऐतिहासिक पहल की घोषणा करते हुए कहा है कि अब मध्यप्रदेश में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका पदों की भर्ती पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से की जाएगी। इस पहल के तहत राज्य में कुल 19,504 रिक्त पदों को भरने के लिए विज्ञापन जारी किया गया है।
मंत्री भूरिया ने बताया कि यह कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “डिजिटल इंडिया” अभियान और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पारदर्शी शासन प्रणाली को ज़मीनी स्तर पर लागू करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। इस नई प्रक्रिया में इच्छुक अभ्यर्थी MP Online के चयन पोर्टल (https://chayan.mponline.gov.in) के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस बार किसी भी प्रकार का ऑफलाइन या व्यक्तिगत आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। आवेदक को न केवल ऑनलाइन आवेदन करना होगा, बल्कि आवश्यक दस्तावेज़ों को भी पोर्टल पर अपलोड करना होगा। चयन पूरी तरह योग्यता पर आधारित होगा और किसी भी प्रकार की भेदभाव या अपारदर्शिता की कोई गुंजाइश नहीं रहेगी।
इस प्रक्रिया से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को समान अवसर मिलेंगे और तकनीक आधारित प्रणाली के माध्यम से भर्ती को अधिक तेज़, निष्पक्ष और विश्वसनीय बनाया जा सकेगा।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस चयन पोर्टल का विधिवत शुभारंभ किया था, जिसका उद्देश्य समयबद्ध और निष्पक्ष नियुक्तियों को सुनिश्चित करना है।
मंत्री सुश्री भूरिया ने आमजन से अपील की है कि वे इस अभिनव और पारदर्शी प्रणाली की जानकारी अधिक से अधिक पात्र महिलाओं तक पहुँचाएं, ताकि वे इस सुनहरे अवसर का लाभ समय-सीमा के भीतर उठा सकें।
???? आवेदन की अंतिम तिथि 4 जुलाई 2025 निर्धारित की गई है।








