Re. No. MP-47–0010301

सीधी में सड़क हादसा, बस ने स्ट्रीट लाइट सुधार रही नगर पालिका की गाड़ी को मारी टक्कर, कर्मचारी घायल

सीधी में सड़क हादसा, बस ने स्ट्रीट लाइट सुधार रही नगर पालिका की गाड़ी को मारी टक्कर, कर्मचारी घायल

विक्रम ट्रैवल्स की बस से हुई टक्कर, घायल कर्मचारी का जिला अस्पताल में इलाज जारी

✍️ सीधी, 14जुलाई | संवाददाता रिपोर्ट

शहर के बीचोंबीच अवध होटल के पास सोमवार दोपहर करीब 2:50 बजे एक बड़ी सड़क दुर्घटना हो गई, जब सिंगरौली से इंदौर जा रही विक्रम ट्रैवल्स की यात्री बस ने सड़क किनारे स्ट्रीट लाइट सुधार रही नगर पालिका की क्रेन गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में नगर पालिका कर्मचारी भगवानदीन साकेत गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

लाइट सुधार के दौरान हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नगर पालिका की क्रेन गाड़ी पर चढ़कर एक कर्मचारी स्ट्रीट लाइट की मरम्मत कर रहा था, तभी तेज रफ्तार से आ रही विक्रम ट्रैवल्स की डबल डोर बस सीधे आकर क्रेन से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि क्रेन का ऊपरी हिस्सा बस पर गिर गया और कर्मचारी ऊंचाई से नीचे आ गिरा।

घायल का इलाज जारी, बस जब्त

घायल कर्मचारी भगवानदीन साकेत को तुरंत जिला अस्पताल, सीधी ले जाया गया, जहां इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के वक्त बस में 70 से अधिक यात्री सवार थे, जिससे मौके पर अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई।

पुलिस मौके पर पहुंची, जाम खुलवाया

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी कन्हैया सिंह बघेल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत स्थिति को संभाला, सड़क से जाम हटवाया और बस को कब्जे में लेकर कोतवाली परिसर में खड़ा कराया।

थाना प्रभारी ने बताया कि,

“नगर पालिका का एक कर्मचारी हादसे में घायल हुआ है। प्राथमिक जांच शुरू कर दी गई है। दुर्घटना के कारणों और जिम्मेदारी की पुष्टि की जा रही है।”

सवालों के घेरे में बस ऑपरेटर की लापरवाही

यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार बसों और शहरी इलाकों में यातायात नियमों के पालन को लेकर प्रशासन और बस ऑपरेटरों की जिम्मेदारी पर सवाल खड़े करता है। आम जनता ने भी नगर क्षेत्र में भारी वाहनों के संचालन पर सख्ती की मांग की है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!