Re. No. MP-47–0010301

समय-सीमा बैठक में कलेक्टर सख्त: CM हेल्पलाइन की शिकायतों के निपटारे में लापरवाही पर होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई

समय-सीमा बैठक में कलेक्टर सख्त: CM हेल्पलाइन की शिकायतों के निपटारे में लापरवाही पर होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई

बाढ़, जलभराव और पेयजल आपूर्ति पर दिए विशेष निर्देश, सभी अधिकारी रखें सतर्कता

✍️ सीधी, 14 जुलाई | प्रतिनिधि रिपोर्ट

सीधी जिले के कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि CM हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरतने वाले एल1 और एल2 अधिकारियों पर कठोर अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।

शिकायतों के निराकरण में तय करें दैनिक लक्ष्य

कलेक्टर सोमवंशी ने कहा कि समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम में चयनित विषयों से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता पर निराकृत किया जाए। सभी विभाग प्रमुख प्रतिदिन शिकायतों की समीक्षा करें और उनका समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी शिकायत नॉन अटेंडेड न रहे और निम्न गुणवत्ता से बंद की गई शिकायतों की संख्या न्यूनतम हो।

“जून-2025 की शिकायतों के निराकरण में सभी विभाग A-ग्रेड प्राप्त करने के लिए पूर्ण प्रयास करें,” — स्वरोचिष सोमवंशी, कलेक्टर

जनहित योजनाओं और भुगतान संबंधी शिकायतों पर विशेष ध्यान

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि हितग्राहीमूलक योजनाओं से संबंधित शिकायतों, विशेष रूप से भुगतान लंबित मामलों का त्वरित समाधान किया जाए। शिकायतकर्ताओं से संवाद कर उनकी वैध समस्याओं का शीघ्र निराकरण कराना अधिकारियों की जिम्मेदारी है।

वर्षा व आपदा प्रबंधन पर विशेष सतर्कता के निर्देश

बारिश की स्थिति को देखते हुए कलेक्टर ने बाढ़ और आपदा प्रबंधन को लेकर भी अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए:

  • पुल-पुलियों की जांच कर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित किया जाए।
  • नगरीय क्षेत्रों में जल भराव वाले स्थानों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाए।
  • बसाहटों में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति हर हाल में सुनिश्चित की जाए।
  • राहत दलों को सक्रिय रखा जाए।

बैठक में अधिकारियों की उपस्थिति

बैठक में अपर कलेक्टर अंशुमन राज, उपखंड अधिकारी गोपद बनास नीलेश शर्मा, सिहावल की एसडीएम प्रिया पाठक, मझौली एसडीएम आरपी त्रिपाठी, डिप्टी कलेक्टर एसपी मिश्रा सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

error: Content is protected !!