धनन्जय मिश्रा ने ग्रहण किया जनपद मझौली के सीईओ का अतिरिक्त पदभार
सीधी।
जिला पंचायत सीधी के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी धनन्जय मिश्रा ने जनपद पंचायत मझौली के मुख्य कार्यपालन अधिकारी का अतिरिक्त पदभार ग्रहण कर लिया है। पदभार ग्रहण करने के पश्चात् श्री मिश्रा ने जनपद कार्यालय में शासकीय सेवकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की।

बैठक में पीसीओ, उपयंत्री, सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायकों सहित सभी प्रमुख अधिकारियों की उपस्थिति रही। इस दौरान उन्होंने विभिन्न योजनाओं की गहन समीक्षा की। ग्राम पंचायतों में समग्र ई-केवाईसी एवं प्रधानमंत्री आवास योजना की ई-केवाईसी प्रक्रिया की स्थिति की समीक्षा की गई। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के अधूरे आवासों की पूर्णता, मनरेगा प्लांटेशन कार्य, श्रमिक नियोजन तथा जनपद पंचायत स्तर पर चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा भी की गई।
श्री मिश्रा ने स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत फीडबैक प्रणाली में सुधार लाने और प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। इसके अलावा, उन्होंने वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए सभी अमलों को सतर्क रहने एवं आवश्यक तैयारियाँ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
श्री मिश्रा का यह दौरा विकास कार्यों को गति देने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।








