सचिव एवं जीआरएस को पंचायत मुख्यालय में नियमित उपस्थिति के निर्देश, अनुपस्थिति पर होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई
सीधी, 25 जुलाई 2025
जनपद पंचायत मझौली के मुख्य कार्यपालन अधिकारी धनंजय मिश्रा ने आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सभी सचिवों एवं ग्राम रोजगार सहायकों (जीआरएस) को सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा है कि सभी सचिव और जीआरएस अनिवार्य रूप से प्रतिदिन पंचायत मुख्यालय में उपस्थित रहें और शासकीय कार्यों को समयबद्ध तरीके से संपादित करें।
सीईओ मिश्रा ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को कोई भी सचिव या जीआरएस सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना पंचायत मुख्यालय नहीं छोड़ सकेगा। यदि कोई कर्मचारी इन निर्देशों की अवहेलना करता है या बिना कारण अनुपस्थित पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि यह निर्देश पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के प्रमुख सचिव द्वारा जारी निर्देशों के अनुपालन में दिए गए हैं, ताकि पंचायत स्तर पर ही ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान हो सके और उन्हें जिले या जनपद मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।
जनहित में जारी इन निर्देशों का उद्देश्य ग्रामीणों को समय पर सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराना और पंचायत कार्यालयों की कार्यप्रणाली को पारदर्शी और उत्तरदायी बनाना है।








