स्वास्थ्य विभाग में आउटसोर्स नियुक्तियों की जांच के लिए दल गठित, 28 जुलाई से 3 अगस्त तक दर्ज करा सकेंगे आपत्तियां
सीधी, 25 जुलाई 2025
जिले के स्वास्थ्य विभाग में आउटसोर्स आधार पर की गई नियुक्तियों में अनियमितताओं की शिकायत के बाद प्रशासन ने जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कलेक्टर कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय द्वारा वर्ष 2024 में की गई नियुक्तियों की जांच के लिए एक विशेष जांच दल गठित किया गया है।
इन नियुक्तियों में कम्प्यूटर डाटा एंट्री ऑपरेटर, वाहन चालक, भृत्य एवं मल्टी स्किल्ड ग्रुप डी वर्कर जैसे पद शामिल हैं, जिन्हें जिला अस्पताल, सिविल सर्जन कार्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के लिए नियुक्त किया गया था।
अपर कलेक्टर ने बताया कि राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग तथा प्रभारी मंत्री, जिला सीधी के निर्देशानुसार एवं जनप्रतिनिधियों की शिकायतों के आधार पर यह कदम उठाया गया है। आरोप है कि इन नियुक्तियों में मध्यप्रदेश भंडार क्रय नियम तथा सेवा उपार्जन नियम 2015 (संशोधित 2022) का पालन नहीं किया गया।
जांच दल को निर्देश दिए गए हैं कि वे समस्त तथ्यों की गहनता से जांच कर नियमानुसार कार्यवाही करें। वहीं, जिन अभ्यर्थियों या आम नागरिकों को इन नियुक्तियों से संबंधित कोई आपत्ति है, वे 28 जुलाई से 3 अगस्त 2025 तक अपर कलेक्टर कक्ष में उपस्थित होकर अपना पक्ष रख सकते हैं या ईमेल के माध्यम से अपनी आपत्ति dmsidhi@nic.in पर भेज सकते हैं।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी आपत्तियाँ प्रस्तुत करें ताकि जांच प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष रूप से पूरी की जा सके।
#स्वास्थ्य_विभाग_जांच #सीधी #आउटसोर्स_नियुक्ति #स्वास्थ्य_नियम_उल्लंघन #जांचदल








