Re. No. MP-47–0010301

विद्युत कंपनियों के जूनियर इंजीनियर आज करेंगे प्रदेशव्यापी प्रदर्शन, सात सूत्रीय मांगों को लेकर लामबंद

विद्युत कंपनियों के जूनियर इंजीनियर आज करेंगे प्रदेशव्यापी प्रदर्शन, सात सूत्रीय मांगों को लेकर लामबंद

सीधी।
प्रदेश की बिजली कंपनियों में कार्यरत जूनियर इंजीनियरों ने अपने भविष्य और पदोन्नति से जुड़ी समस्याओं को लेकर एकजुट होते हुए आज रविवार को प्रदेशभर में जोरदार प्रदर्शन का ऐलान किया है। इंदौर, भोपाल और जबलपुर स्थित बिजली कंपनी मुख्यालयों पर यह प्रदर्शन आयोजित होगा, जिसमें करीब 3000 से अधिक जूनियर इंजीनियरों के भाग लेने की संभावना है। यह प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं ध्यानाकर्षण स्वरूप रहेगा।

प्रदर्शन का नेतृत्व इंजीनियरों के संगठन के प्रांतीय महासचिव जे.के. वैष्णव कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जूनियर इंजीनियरों की 30-35 वर्षों की सेवा के बाद भी उन्हें एक भी पदोन्नति नहीं दी जा रही है, जो कि विभागीय दोहरी नीति को दर्शाता है। वहीं, दूसरी ओर सहायक यंत्री के पद पर भर्ती इंजीनियरों को चार पदोन्नतियां देकर कार्यपालन निदेशक तक बनाया जा चुका है।

प्रमुख मांगें
जूनियर इंजीनियरों की मुख्य मांग है कि उन्हें पदोन्नति की स्पष्ट नीति के तहत अवसर प्रदान किया जाए। इसके साथ ही बोर्ड कैडर के वरिष्ठ जूनियर इंजीनियरों को कार्यपालन यंत्री बनाया जाए। उनकी सात सूत्रीय मांगों में वेतन विसंगति को दूर करना, वर्ष 2018 के पश्चात नियुक्त कनिष्ठ यंत्रियों को समान वेतनमान एवं ग्रेड पे 4100 देना, संविदा कर्मियों को नियमित करना और पुलिस विभाग की धारा 304 में संशोधन के बाद नामजद एफआईआर दर्ज करने पर रोक लगाने जैसी मांगें शामिल हैं।

सरकार से उम्मीद
जूनियर इंजीनियरों का कहना है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक पहल नहीं की गई, तो वे आगे की रणनीति पर विचार करेंगे। यह प्रदर्शन ऊर्जा विभाग की नीतियों और अनदेखी के विरोध में एक निर्णायक कदम माना जा रहा है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!