Re. No. MP-47–0010301

ट्रैक्टर हादसे के बाद ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, जल जीवन मिशन की पाइप लाइन निर्माण में लापरवाही के आरोप

ट्रैक्टर हादसे के बाद ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, जल जीवन मिशन की पाइप लाइन निर्माण में लापरवाही के आरोप

कुसमी (सीधी)। जल जीवन मिशन के पाइपलाइन निर्माण कार्य में भारी लापरवाही अब हादसों का कारण बनती जा रही है। सोमवार रात ग्राम पंचायत भवन कुसमी के पास खेत जोतकर लौट रहा एक ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। यह दुर्घटना जर्जर सड़क और पाइपलाइन कार्य के बाद हुए गड्ढों के चलते हुई, जिससे ट्रैक्टर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि एक अन्य व्यक्ति को अंदरूनी चोटें आईं।

हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने रविवार रात से ही धरना शुरू कर दिया था। 10 घंटे के बाद सोमवार सुबह सरपंच मौके पर पहुंचे और तत्काल जेसीबी मशीन से सड़क को समतल कराने का कार्य प्रारंभ कराया गया।

ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन के कार्य में की गई अनदेखी और निर्माण मानकों की अनदेखी को हादसे का जिम्मेदार बताया है। उनका कहना है कि पाइप डालने के बाद खुदाई की जगह भरने और समतल करने में भारी लापरवाही बरती गई। न पटाई की गई, न ही रोलर चलाया गया। बरसात आते ही मिट्टी धंसने लगी और सड़क पर खतरनाक गड्ढे बन गए, जिनके कारण लगातार हादसे हो रहे हैं।

गांव निवासी रेवती सिंह मरावी ने बताया कि यह सड़क पहले ही स्वीकृत हो चुकी थी, लेकिन सरपंच चंद्रावती और सचिव विपिन सिंह बघेल की लापरवाही के चलते निर्माण शुरू नहीं हो सका। जब सचिव से संपर्क किया गया तो उन्होंने स्वीकारा कि जल जीवन मिशन के पाइपलाइन कार्य के बाद सड़क की हालत बदतर हुई है। उन्होंने मरम्मत का कार्य बारिश के बाद कराने की बात कही।

वहीं, ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन के कर्मचारियों पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई तथा सड़क की तत्काल मरम्मत की मांग की है।

इनका कहना है —
“मामले की जानकारी मिली है, जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।”
— ज्ञानेंद्र मिश्रा, सीईओ

Advertisement

Leave a Comment

error: Content is protected !!