Re. No. MP-47–0010301

सीधी के मोहन रेंज में अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस पर चित्रकला, भाषण और लोकगीत प्रतियोगिताएं आयोजित

सीधी के मोहन रेंज में अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस पर चित्रकला, भाषण और लोकगीत प्रतियोगिताएं आयोजित

वन्यजीव संरक्षण को लेकर छात्रों ने निकाली रैली, लिया जागरूकता का संकल्प

सीधी- हर वर्ष 29 जुलाई को मनाए जाने वाले अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस के अवसर पर इस वर्ष सीधी जिले के कुसमी अंतर्गत परिक्षेत्र कार्यालय मोहन में विविध आयोजन किए गए। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बाघों के संरक्षण और वन्य जीवन की महत्ता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना था।

इस अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन मुख्य वन संरक्षक एवं संजय टाइगर रिजर्व सीधी के क्षेत्र संचालक अमित कुमार दुबे के निर्देशन में तथा उप संचालक राजेश टी. कन्ना के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। आयोजन की व्यवस्था परिक्षेत्र अधिकारी जितेन्द्र पाराशर, परिक्षेत्र सहायक गोविंद प्रसाद विश्वकर्मा, वनपाल साधूलाल सिंह, कंप्यूटर ऑपरेटर अजीत कुमार नामदेव, कार्यालय सहायक बंशलाल यादव सहित समस्त स्टाफ की उपस्थिति में की गई।

इस अवसर पर शासकीय सीएम राइज विद्यालय, कुसमी के लगभग 45 छात्र-छात्राएं शामिल हुए। उनके साथ शिक्षक नित्यानंद पंकज पांडेय, मुरलीधर अग्रवाल, रणविजय सिंह, मौसमी गुप्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत एक जागरूकता रैली से हुई जिसमें बच्चों ने “वन्य प्राणी बचाओ, प्रकृति बचाओ” जैसे नारे लगाए। इसके बाद विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं जिनमें चित्रकला, भाषण, लोकगीत गायन और क्विज प्रतियोगिता प्रमुख रहीं।

हर विधा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार के साथ प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम का समापन परिक्षेत्र अधिकारी मोहन द्वारा दिए गए प्रेरक भाषण से हुआ जिसमें उन्होंने बताया कि वन्यजीव संरक्षण न केवल प्रकृति का संतुलन बनाए रखने के लिए आवश्यक है बल्कि मानव जीवन के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। अंत में सभी उपस्थितों को वन्य प्राणी संरक्षण की शपथ दिलाई गई।

Leave a Comment

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!